menu-icon
India Daily

Bihar Crime News: VIP चीफ मुकेश सहनी के पिता की दरभंगा में हत्या, घर के अंदर मिली लाश

Bihar Crime News: बिहार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP के संस्थापक मुकेश सहनी के पिता की हत्या कर दी गई है. वारदात को दरभंगा में अंजाम दिया गया है. दरभंगा के एसएसपी ने हत्या की पुष्टि की है. उधर, बिहार सरकार ने हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है. एसपी ग्रामीण की अगुवाई में एसआईटी हत्याकांड की जांच पड़ताल करेगी.

India Daily Live
Bihar Crime News: VIP चीफ मुकेश सहनी के पिता की दरभंगा में हत्या, घर के अंदर मिली लाश
Courtesy: Social Media

Bihar Crime News: बिहार की विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP के चीफ मुकेश सहनी के पिता की हत्या का मामला सामने आया है. दरभंगा में मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की लाश उनके घर के अंदर मिली है. कहा जा रहा है कि हत्या की वारदात को बेरहमी से अंजाम दिया गया है. दरभंगा एसपी ने हत्या की पुष्टि की है. फिलहाल, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है. 

जानकारी के मुताबिक, मुकेश सहनी के पिता पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है. कहा जा रहा है कि दरभंगा वाले घर में जीतन सहन का क्षत-विक्षत शव मिला है. पुलिस के मुताबिक, घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा मिला है. जीतन सहनी का घर दरभंगा के सुपौल बाज़ार के अफजला पंचायत में है. दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने हत्या की पुष्टि की है.

घर पर अकेले रहते थे मुकेश सहनी के पिता

बताया जा रहा है कि जीतन सहनी घर में अकेले रहते थे. उनके दो बेटे मुकेश सहनी और संतोष सहनी है. मुकेश सहनी राजनीतिक कामों की वजह से अक्सर पटना में ही रहते हैं, जबकि संतोष सहनी भी दरभंगा वाले घर पर नहीं रहते हैं. जीतन सहनी की एक बेटी भी है, जिनकी शादी हो चुकी है और वो अपनी पति के साथ मुंबई में रहती हैं.

मुंबई में थे मुकेश सहनी, दरभंगा के लिए रवाना

वारदात के दौरान मुकेश सहनी मुंबई में थे. पिता की हत्या की जानकारी के बाद मुकेश सहनी दरभंगा के लिए रवाना हो गए हैं. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. मुकेश सहनी के पिता की हत्या की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला चोरी के विरोध में की गई हत्या प्रतीत हो रही है.

पुलिस के सामने कई सवाल?

  • हत्या किसने की?
  • हत्या की वारदात को क्यों अंजाम दिया गया?
  • वारदात को किस वक्त अंजाम दिया गया?
  • वारदात में कितने लोग शामिल थे?
  • आखिर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कहां गए?

मुकेश सहनी के पिता की हत्या के बाद किसने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह: बिहार के दरभंगा में विकासशील इंसान पार्टी के चीफ मुकेश सहनी के पिता की हत्या पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा. राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है.

पप्पू यादव: पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की दरभंगा में निर्मम हत्या BJP के रावणराज का पुख़्ता प्रमाण है. हत्या दर हत्या से कोहराम मचा है,नीतीश के शासन का इकबाल खत्म हो गया है. अब प्रशासन अपराधियों के बजाय निर्दोषों को फंसाने का निज़ाम बन गया है. मुकेश सहनी के हम साथ हैं.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान: विकासशील पार्टी के संरक्षक भाई मुकेश सहनी के पिताजी की निर्मम हत्या बेहद निंदनीय है. दोषियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जल्द से जल्द अपराधियों को चिन्हित कर उचित करवाई की जाएगी. मुकेश साहनी एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी और मेरी पार्टी की गहरी संवेदनाएं हैं.

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी: वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता की हत्या की सूचना से स्तब्ध हूं. मैं राज्य सरकार से मांग करता हूं कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल कराया जाए.
मैं और मेरी पार्टी इस दुख की घड़ी में हर तरह से मुकेश सहनी के साथ है.

केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर: केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी...नीतीश कुमार सरकार में आरोपियों को निश्चित रूप से पकड़ा जाएगा और उन्हें सजा दी जाएगी.

आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव: बिहार में क्या हो रहा है? कोई दिन बिना हत्या के नहीं बीतता...मुख्यमंत्री बेहोशी की हालत में हैं. शायद उन्हें अब तक पता भी नहीं होगा कि राज्य में कुछ हुआ है. बिहार में कोई भी राजनीतिक नेता सुरक्षित नहीं है...व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. बिहार भगवान भरोसे है. 

आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी: बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है... अगर बिहार में नेताओं के परिवार सुरक्षित नहीं हैं, तो इसका साफ मतलब है कि आम आदमी भगवान की दया पर है... बीजेपी और एनडीए के नेता इस पर चुप क्यों हैं? उन्हें सामने आकर बोलना चाहिए. यह 'महा-जंगलराज' है.

बिहार सरकार के पूर्व मंत्री हैं सहनी

विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी बिहार सरकार में पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री रह चुके हैं. हाल ही में खत्म हुए लोकसभा चुनाव में वे INDIA गठबंधन में शामिल थे. उनकी पार्टी ने चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था. हालांकि किसी भी सीट पर पार्टी के कैंडिडेट को जीत हासिल नहीं हुई थी.