वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में अज्ञात हमलावरों ने आर्मी के जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान 35 वर्षीय आर्मी जवान जितेंद्र कुमार और उनके 60 वर्षीय पिता मुनारिक राय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि जितेंद्र कुमार कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे. रविवार सुबह दोनों अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
परिजनों का आरोप है कि इस वारदात को मुनारिक राय के भतीजे ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि परिवार के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. आशंका जताई जा रही है कि इसी पुराने विवाद के कारण इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पिता पुत्र को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल फैल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार, मृतक जितेंद्र कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. वहीं उनके पिता मुनारिक राय पंचायत चुनाव में मुखिया पद के उम्मीदवार भी रह चुके थे और गांव में उनकी अच्छी पहचान थी. इस घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है.
घटना के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए. पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.