आयरलैंड और इंग्लैंड के बाद अब भारतीय टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे के मैदान पर तीन मैचों की T20 सीरीज खेलना है जिसके लिए जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. बोर्ड ने इस टीम में कुछ युवाओं को भी मौका दिया है. इसमें युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है.
विकेटकीपर बल्लेबाज तफदजवा त्सिगा पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं. वहीं वेस्ली माधेवेरे और न्यूमैन न्यामुरी की वापसी से टीम को मजबूती मिली है. सभी मुकाबले हरारे में 23, 25 और 26 जुलाई को खेले जाएंगे.
जिम्बाब्वे ने इस बार तफदजवा त्सिगा को पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया है. त्सिगा अब तक 10 टेस्ट मैच खेल चुके हैं और अब छोटे प्रारूप में इंटरनेशनल डेब्यू की तैयारी कर रहे हैं. चयनकर्ताओं ने उन्हें भविष्य के खिलाड़ी के रूप में मौका दिया है.
ऑलराउंडर वेस्ली माधेवेरे और तेज गेंदबाज न्यूमैन न्यामुरी की टीम में वापसी हुई है. माधेवेरे जुलाई 2025 के बाद पहली बार टी20 टीम में लौटे हैं. वहीं चोट से उबरने के बाद न्यामुरी फिर से उपलब्ध हैं. इससे गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्प मजबूत हुए हैं.
मैनेजमेंट ने एक बार फिर से अनुभवी ऑलराउंडर सिकंदर रजा पर भरोसा दिखाते हुए टीम की कमान सौंपी है. उनकी कप्तानी में जिम्बाब्वे ने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था. हालांकि T20 सीरीज में टीम को हार का सामना करना पड़ा था. अब भारत के खिलाफ उनसे बेहतर रणनीति की उम्मीद रहेगी.
हाल के विदेशी दौरों में हार झेलने के बावजूद भारतीय T20 टीम को मजबूत टीमों में गिना जाता है. ऐसे में जिम्बाब्वे के लिए यह सीरीज आसान नहीं होगी. दोनों टीमें पिछली बार T20 विश्व कप के सुपर 8 स्टेज में भिड़ी थीं, जहां भारत ने जीत दर्ज की थी. इससे पहले दोनों टीमें 2024 में पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भिड़ी थीं जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने 4-1 से जीत दर्ज की थी.
जिम्बाब्वे टीम: सिकंदर रज़ा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, तनाका चिवांगा, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, वेस्ली माधेवेरे, तदिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, न्यूमैन न्यामुरी, मिल्टन शुम्बा, तफदजवा त्सिगा (विकेटकीपर).
टीम इंडिया: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)