menu-icon
India Daily

'कप्तानी छोड़ी, लेकिन टीम नहीं...' 2027 वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान टीम में हलचल, हश्मतुल्लाह शाहिदी ने ODI से दिया इस्तीफा

अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अचानक वनडे कप्तानी छोड़ने का फैसला कर लिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट करते हुए टीम, कोचिंग स्टाफ और समर्थकों का आभार जताया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'कप्तानी छोड़ी, लेकिन टीम नहीं...' 2027 वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान टीम में हलचल, हश्मतुल्लाह शाहिदी ने ODI से दिया इस्तीफा
Courtesy: ANI

अफगानिस्तान क्रिकेट में हलचल रही है टीम के वनडे कप्तान और बल्लेबाज हश्मतुल्लाह शाहिदी ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. 2027 वनडे विश्व कप से करीब एक साल पहले लिया गया यह फैसला टीम के लिए अहम माना जा रहा है. शाहिदी ने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी और कहा कि कप्तानी छोड़ने के बाद भी वह खिलाड़ी के रूप में टीम के लिए पूरी निष्ठा से खेलते रहेंगे.

सोशल मीडिया पर किया ऐलान

अफगान के सीनियर बल्लेबाज हश्मतुल्लाह शाहिदी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से अपने फैंस को इस बात की जानकारी दी. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि काफी सोचने और निजी विचार के बाद उन्होंने वनडे कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान जैसी टीम का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात रही. साथ ही उन्होंने टीम प्रबंधन, कोचिंग स्टाफ, साथी खिलाड़ियों और फैंस का भरोसा और समर्थन देने के लिए आभार जताया. 

चार साल तक संभाली टीम की कमान

शाहिदी ने जनवरी 2022 में अफगानिस्तान की वनडे टीम की कप्तानी संभाली थी. इस दौरान उन्होंने 55 वनडे मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया. उनकी कप्तानी में अफगानिस्तान ने कई बड़े टूर्नामेंट खेले और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान को और मजबूत किया. उन्होंने टीम को लगातार प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. शाहिदी की कप्तानी में टीम ने कुल 27 मैचों में जीत दर्ज की. 

बड़ी टीमों के खिलाफ दिलाई यादगार जीत

शाहिदी की कप्तानी में अफगानिस्तान ने विश्व कप में इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर सभी को चौंका दिया था. चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भी उनकी अगुआई में टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. इन सफलताओं ने अफगानिस्तान को सीमित ओवर क्रिकेट की मजबूत टीमों में शामिल करने में मदद की.

अब खिलाड़ी के रूप में देंगे योगदान

भले ही हश्मतुल्लाह ने कप्तान के तौर पर अपना इस्तीफा दे दिया हो लेकिन वह खिलाड़ी के तौर पर टीम में बने रहेंगे. शाहिदी ने साफ किया कि कप्तानी छोड़ने का मतलब टीम से दूरी बनाना नहीं है. उन्होंने कहा कि वह आगे भी खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और नए कप्तान का पूरा समर्थन करेंगे. अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अगले फैसले पर होगी कि वनडे टीम की कमान किस खिलाड़ी को सौंपी जाती है.