menu-icon
India Daily

करोड़ों की कार में बैठ युजवेंद्र चहल ने सिगरेट पीकर सड़क पर फेंकी, वायरल वीडियो पर फूटा फैंस का गुस्सा

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वे कार चलाते हुए धूम्रपान और गंदगी फैलाते दिख रहे हैं. प्रशंसक और नागरिक संगठन इस व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहे हैं.

KanhaiyaaZee
करोड़ों की कार में बैठ युजवेंद्र चहल ने सिगरेट पीकर सड़क पर फेंकी, वायरल वीडियो पर फूटा फैंस का गुस्सा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल एक नए बड़े विवाद में फंस गए हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे एक वीडियो ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी है. इस क्लिप में कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे हुए चहल सिगरेट का कश लेते और फिर उसे सड़क पर लापरवाही से फेंकते हुए कैमरे में कैद हुए हैं. इस घटना ने प्रशंसकों के साथ कई सामाजिक संगठनों को भी काफी नाराज कर दिया है.

इंटरनेट पर वायरल हो रही इस छोटी सी वीडियो क्लिप में एक महंगी गाड़ी को सड़क पर चलते हुए देखा जा सकता है. गाड़ी वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि गाड़ी चला रहे युजवेंद्र चहल सिगरेट पी रहे हैं और फिर जलती हुई सिगरेट को खिड़की से बाहर सड़क पर फेंक देते हैं. हालांकि इस वीडियो की प्रमाणिकता की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है. प्रतिक्रियाओं के आधार पर इसे चंडीगढ़ का बताया जा रहा है लेकिन स्थान और समय की कोई सटीक जानकारी नहीं है.

प्रशंसकों और नागरिक संगठनों का गुस्सा

जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया. प्रशंसक चहल जैसे अनुभवी और सीनियर खिलाड़ी से ऐसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार की उम्मीद नहीं कर रहे थे. कई नागरिक संगठनों ने भी सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने और धूम्रपान करने को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है. लोगों का कहना है कि एक राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के नाते उन्हें युवाओं के लिए बेहतर उदाहरण पेश करना चाहिए. सार्वजनिक संपत्ति पर गंदगी फैलाना किसी भी जिम्मेदार नागरिक को शोभा नहीं देता है.

चहल की चुप्पी और आईपीएल ड्यूटी

वर्तमान में युजवेंद्र चहल आईपीएल 2026 के सत्र में अपनी टीम के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने में व्यस्त हैं. इस बड़े विवाद के तूल पकड़ने के बावजूद अभी तक चहल या उनके आधिकारिक प्रतिनिधियों की ओर से कोई स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया है. हर कोई उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके .

शराब छोड़ने के दावे पर उठे सवाल

इस घटना ने लोगों को इसलिए भी हैरान कर दिया है क्योंकि हाल ही में चहल ने अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव का दावा किया था. आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले उन्होंने एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर बताया था कि उन्हें शराब छोड़े छह महीने से अधिक समय हो गया है. उन्होंने कहा था कि वे अपनी टीम को 150 प्रतिशत योगदान देना चाहते हैं. ऐसे में इस कथित वीडियो ने उनके स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति दावों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

सीनियर खिलाड़ी के रूप में बड़ी जिम्मेदारी

युजवेंद्र चहल ने स्वयं स्वीकार किया था कि वे अब 35 वर्ष के हो गए हैं और वे चाहते हैं कि आईपीएल में आने वाले युवा खिलाड़ी उनसे कुछ अच्छा सीखें. एक वरिष्ठ खिलाड़ी की भूमिका केवल मैदान तक सीमित नहीं होती बल्कि उनका निजी आचरण भी मायने रखता है. अनुशासन किसी भी एथलीट के करियर की नींव होता है. यह वायरल क्लिप उनकी उस प्रेरणादायक छवि को नुकसान पहुंचा सकती है जिसे उन्होंने सालों की मेहनत से बनाया है.