मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई. छह बार की चैंपियन टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया.
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. शुरुआती ओवरों में दोनों ओपनर जल्दी आउट हो गईं, जिससे टीम दबाव में आ गई. ऐसे समय में फोबे लिचफील्ड ने जिम्मेदारी संभाली और तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 50 रन बनाए. उनकी पारी में कई शानदार शॉट देखने को मिले. लिचफील्ड के आउट होने के बाद एलिस पेरी और जॉर्जिया वेयरहम ने भी उपयोगी योगदान दिया. हालांकि आखिरी ओवरों में ऑस्ट्रेलिया ज्यादा बड़ी साझेदारी नहीं बना सका लेकिन टीम 20 ओवर में 172 रन तक पहुंचने में सफल रही.
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा. दोनों ओपनर जल्दी पवेलियन लौट गईं. कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 44 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, जबकि नादिन डी क्लर्क और मैरिजेन कैप ने भी कुछ समय तक संघर्ष किया लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई. एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 96 रन पर पांच विकेट था,लेकिन इसके बाद बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और पूरी टीम 107 रन पर सिमट गई.
ऑस्ट्रेलिया की जीत में जॉर्जिया वेयरहम का प्रदर्शन बेहद अहम रहा. उन्होंने सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट लिए और दक्षिण अफ्रीका की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया. उनके अलावा अन्य गेंदबाजों ने भी कसी हुई गेंदबाजी की. दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल ने लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की. उन्होंने बेथ मूनी का महत्वपूर्ण विकेट लिया लेकिन अपने तीन ओवरों में 33 रन खर्च कर बैठीं. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की.