दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है. टीम के कप्तान ईशान किशन ने पहले शतक और फिर दोहरा शतक जमाकर मोर्चा संभाला, तो युवा कुमार कुशाग्र ने भी बल्ले से अपनी छाप छोड़ी. पहली पारी में कुशाग्र ने 132 गेंदों पर 101 रन बनाए. कुशाग्र ने अपनी इस आक्रामक बल्लेबाजी से फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा. अब फैंस कुमार कुशाग्र के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानना चाहते हैं कि आखिर वह हैं कौन और उनका बैग्राउंड क्या है. तो इस आर्टिकल में हम आपको उनके बारे में ही बताने वाले हैं.
कुमार कुशाग्र का जन्म 23 अक्टूबर 2004 को झारखंड के बोकारो में हुआ था. 21 वर्षीय कुशाग्र दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 36 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए थे. इसके बाद IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 7.20 करोड़ रुपये में खरीदा, लेकिन तीन मैचों में सिर्फ तीन रन बना सके.
IPL 2025 की नीलामी में गुजरात टाइटंस ने कुशाग्र को 65 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. घरेलू क्रिकेट में लगातार मौके मिलने के साथ उनकी बल्लेबाजी में भी निखार आया है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वह अपनी तकनीक और आक्रामक शॉट्स के लिए पहचाने जाते हैं. दलीप ट्रॉफी फाइनल की शतकीय पारी ने एक बार फिर दिखाया कि युवा बल्लेबाज बड़े मंच पर भी दबाव संभालने की क्षमता रखता है.
कुशाग्र ने 36 फर्स्ट क्लास मैचों की 56 पारियों में 2291 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से छह शतक और छह अर्धशतक निकले हैं. साउथ जोन के खिलाफ लगाया गया शतक उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में छठा शतक रहा. लिस्ट A में 39 मैचों की 34 पारियों में 1370 रन हैं, जिसमें दो शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं. T20 में उन्होंने 33 मैचों में 694 रन बनाए हैं.