menu-icon
India Daily

'ये लड़का है, इंडिया हमेशा धोखे से...' ओछी हरकत से बाज नहीं आएं PAK फैंस, क्रांति गौड़ पर शर्मनाक टिप्पणी

महिला एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान क्रांति गौड़ पर जेंडर और रूप-रंग को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ. पाकिस्तानी दर्शकों के व्यवहार की सोशल मीडिया पर आलोचना हो रही है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'ये लड़का है, इंडिया हमेशा धोखे से...' ओछी हरकत से बाज नहीं आएं PAK फैंस, क्रांति गौड़ पर शर्मनाक टिप्पणी
Courtesy: Pinterest

विमेंस एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले के बाद एक वायरल वीडियो ने दोनों देशों के बीच एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. इसमें कुछ पाकिस्तानी दर्शक भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के जेंडर और शक्ल-सूरत पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं. वीडियो में एक दर्शक उन्हें लड़का बताता नजर आता है और भारतीय टीम पर धोखे से जीतने का आरोप भी लगाता है. वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

वायरल वीडियो में क्या कहा गया

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ पाकिस्तानी दर्शक क्रांति गौड़ की ओर इशारा करते दिखाई देते हैं. इस दौरान उनके जेंडर और रूप-रंग को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं. वायरल वीडियो में एक पाक फैंस को कहते हुए सुना जा सकता है कि, 'ये लड़का है, इंडिया हमेशा धोखे से जीतता है.' अकसर भारत और पाकिस्तान मैच को दौरान फैंस उत्साहित रहते हैं, लेकिन किसी के जेंडर और पर्सनल पहचान को निशाना बनाना खेल भावना के खिलाफ माना जाता है.

महिला खिलाड़ियों को निशाना बनाने का सवाल

क्रांति गौड़ से जुड़ा यह मामला महिला खिलाड़ियों को लेकर होने वाली ऑनलाइन और स्टेडियम टिप्पणियों की समस्या भी सामने लाता है. महिला एथलीटों को कई बार उनके प्रदर्शन की जगह शरीर, चेहरे और जेंडर के आधार पर निशाना बनाया जाता है. ऐसे मामलों में खिलाड़ियों के खेल पर चर्चा करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां विवाद का कारण बनती हैं. वायरल वीडियो को लेकर भी सोशल मीडिया पर इसी वजह से पाकिस्तानी दर्शकों की आलोचना हो रही है.

भारत ने पाकिस्तान को 55 रन पर समेटा

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 5 सितंबर को हुए मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई. भारतीय स्पिनरों ने लगातार झटके दिए. श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा को दो सफलता मिली. इसके जवाब में उतरी हरमनप्रीत सेना ने 8.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया.

कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं और छक्का लगाकर मैच खत्म किया. इस जीत के साथ महिला एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड 7-1 हो गया.