menu-icon
India Daily

विराट कोहली को मिला ODI क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड, 5 साल बाद फिर बने वनडे के 'किंग' 

ICC ODI Cricketer of the year award: विराट कोहली को साल 2023 के लिए आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज चुना गया है. वे अवॉर्ड उनको अंतिम बार 2018 में मिला था.

Antriksh Singh
Edited By: Antriksh Singh
विराट कोहली को मिला ODI क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड, 5 साल बाद फिर बने वनडे के 'किंग' 

हाइलाइट्स

  • 5 साल बाद फिर जीता ये अवॉर्ड
  • साल 2023 में वर्ल्ड कप का प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे

ICC ODI Cricketer of the year award: विराट कोहली को साल 2023 के लिए आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज चुना गया है. वो पूरे साल शानदार फॉर्म में रहे और खासकर वर्ल्ड कप में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया.

विराट फिर बने वनडे के किंग

वर्ल्ड कप में कोहली ने कुल 765 रन बनाए, जो वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है. इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था. विराट ने 3 शतक लगाए, जिनमें से एक सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आया था. इस पारी के साथ ही कोहली ने वनडे क्रिकेट में अपने 50वें शतक का भी रिकॉर्ड बनाया.

वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ सीरीज रहे थे

फाइनल में भले ही भारत हार गया, लेकिन कोहली ने अर्धशतक जमाया. पूरे वर्ल्ड कप में वो भारत की जीत में अहम भूमिका निभाते रहे. साल भर में उन्होंने 24 पारियों में 1377 रन बनाए, जिसमें 6 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं.

वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल को विराट कोहली की सबसे यादगार पारी माना जा सकता है. रोहित शर्मा के आउट होने के बाद क्रीज पर आए कोहली ने आते ही ताबड़तोड़ रन बनाना शुरू कर दिया और अपना 50वां शतक पूरा किया. उन्होंने कहा, "यह सपने जैसा है, अनुष्का यहीं बैठी हैं, सचिन पा जी स्टैंड में हैं."

सेमीफाइनल का शतक बहुत खास था

कोहली का ये शतक न सिर्फ उनके लिए खास था, बल्कि पूरे भारत के लिए भी बहुत मायने रखता था. 4 साल पहले इंग्लैंड में न्यूजीलैंड के हाथों हार का बदला लेने के लिए भारत बेताब था. कोहली के शतक और श्रेयस अय्यर के साथ उनकी शानदार साझेदारी ने टीम को 397 रनों का विशाल स्कोर बनाने में मदद की.

पूरे साल का रिकॉर्ड:

  • 27 मैचों में 1377 रन,
  • औसत 72.47, 6 शतक और 8 अर्धशतक

वर्ल्ड कप का कमाल:

  • 11 पारियों में 9 बार 50 से ज़्यादा रन बनाए
  • कुल 765 रन, वर्ल्ड कप का एक रिकॉर्ड
  • औसत 95.62, स्ट्राइक रेट 90.31
  • 3 शतक, जिसमें से एक सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ
  • वनडे में सबसे ज्यादा शतक (50) का रिकॉर्ड बनाया

हालांकि फाइनल में भारत हार गया, लेकिन साल 2023 विराट कोहली के लिए शानदार प्रदर्शन का साल रहा. उन्होंने पूरे साल वनडे क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखा और इसी वजह से उन्हें आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ वनडे बल्लेबाज चुना गया.