menu-icon
India Daily

'न कोहली, न रोहित, ये IPL इतिहास की बेस्ट डील है...' वैभव सूर्यवंशी की तबाही देख ललित मोदी ने कह दी ये बड़ी बात

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'न कोहली, न रोहित, ये IPL इतिहास की बेस्ट डील है...'  वैभव सूर्यवंशी की तबाही देख ललित मोदी ने कह दी ये बड़ी बात
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट में हर कुछ साल बाद कोई ऐसा खिलाड़ी आता है, जो अपने खेल से पूरी दुनिया का ध्यान खींच लेता है. आईपीएल 2026 में यह काम बिहार के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने किया है. राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने सिर्फ रन ही नहीं बनाए, बल्कि कई ऐसे रिकॉर्ड भी तोड़े, जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा. आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी तक उन्हें लीग इतिहास की सबसे बेहतरीन खरीद बता चुके हैं.

एलिमिनेटर में खेली ऐतिहासिक पारी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन बनाकर मैच का पूरा रुख बदल दिया. इस दौरान उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. हालांकि वह शतक से सिर्फ तीन रन दूर रह गए लेकिन उनकी इस पारी ने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत तक हलचल मचा दी. आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने भी उनकी तारीफ करते हुए राजस्थान रॉयल्स की इस खरीद को आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी डील बताया.

नीलामी का फैसला बना मास्टरस्ट्रोक

आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने वैभव पर 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए थे. उस समय कई लोगों को यह फैसला जोखिम भरा लगा था. वैभव की उम्र सिर्फ 13 साल थी. फ्रेंचाइजी का यह दांव अब मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ है. अपने पहले ही आईपीएल मैच में उन्होंने पहली गेंद पर छक्का जड़कर इरादे साफ कर दिए थे. इसके बाद उन्होंने लगातार ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा और टीम मैनेजमेंट का भरोसा जीत लिया.

2026 में रिकॉर्ड्स की बारिश

अगर 2025 वैभव के करियर का ट्रेलर था, तो 2026 पूरी फिल्म साबित हुआ. इस सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 680 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष स्थान हासिल किया है. उनका स्ट्राइक रेट 230 से ऊपर रहा, जो टी20 क्रिकेट में बेहद खास माना जाता है. वैभव इस सीजन में 65 छक्के लगा चुके हैं, जो किसी भी एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है. उन्होंने दो बार एक पारी में 12 छक्के लगाने का कारनामा भी किया.

Topics