menu-icon
India Daily

कार्ड बंटे, होटल बुक हुआ... फिर एक फोन कॉल ने बदली RCB के कप्तान की जिंदगी, आज दूसरी ट्रॉफी से हैं बस एक कदम दूर

रजत पाटीदार की कहानी आईपीएल की सबसे इमेाशनल और यादगार कहानियों में से एक है. कभी शादी टालकर आरसीबी से जुड़ने वाले रजत आज टीम के कप्तान बनकर लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने से एक कदम दूर हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
कार्ड बंटे, होटल बुक हुआ... फिर एक फोन कॉल ने बदली RCB के कप्तान की जिंदगी, आज दूसरी ट्रॉफी से हैं बस एक कदम दूर
Courtesy: X

IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार की Qualifiers-1 में धमाकेदार पारी ने सबको उनका फैन बना दिया. उनकी इस कप्तानी पारी की बदौलत RCB अब फाइनल में दिखेगी और अपने दूसरे खिताब से एक कदम दूर है. आज इस खिलाड़ी को कई लोग सलाम कर रहे हैं लेकिन कुछ साल पहले उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया था, जिसने सबको भावुक कर दिया. आईपीएल मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद रजत अनसोल्ड गए. उसके बाद उन्होंने शादी का फैसला लिया. फिर एक फोन कॉल ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी. इस फैसले से ना सिर्फ आईपीएल का इतिहास बदल गया बल्कि भारत के क्रिकेट इतिहास में भूचाल आ गया.

अनसोल्ड होने के बाद बदल गया करियर

साल 2022 के मेगा ऑक्शन में किसी टीम ने रजत पाटीदार को नहीं खरीदा. उनके लिए यह बड़ा झटका था. आरसीबी ने भी उन्हें रिलीज कर दिया था. क्रिकेट से थोड़ी दूरी बनाकर उन्होंने परिवार की इच्छा के अनुसार शादी के लिए हामी भर दी. इंदौर में तैयारियां शुरू हो चुकी थीं. शादी की तारीख तय थी, कार्ड बंट चुके थे और होटल भी बुक हो चुका था. परिवार खुश था और रजत भी नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इसी बीच किस्मत ने उनके लिए अलग रास्ता तय कर रखा था.

एक फोन कॉल और बदल गई जिंदगी

शादी से ठीक पहले आरसीबी की टीम से रजत को फोन आया. टीम के खिलाड़ी लवनीत सिसोदिया चोटिल हो गए थे और फ्रेंचाइजी को रिप्लेसमेंट की जरूरत थी. आरसीबी ने रजत को दोबारा टीम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया. उस समय उनके सामने सबसे बड़ा सवाल था, शादी या क्रिकेट. रजत ने बिना ज्यादा सोच-विचार किए क्रिकेट को चुना और शादी टालने का फैसला कर लिया. परिवार ने भी उनके फैसले का समर्थन किया. यही वह पल था जिसने उनके करियर का रूख बदल दिया.

एलिमिनेटर में खेली ऐतिहासिक पारी

आरसीबी में वापसी के बाद रजत पाटीदार ने खुद को साबित करने में देरी नहीं लगाई. आईपीएल 2022 के एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ नाबाद 112 रन बनाकर इतिहास रच दिया. वह आईपीएल प्लेऑफ में शतक लगाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बने. उनकी इस पारी ने रातोंरात उन्हें स्टार बना दिया. इसके बाद आरसीबी ने उन पर लगातार भरोसा बनाए रखा.

अब दूसरी ट्रॉफी जीतने के करीब

आज वही रजत पाटीदार आरसीबी के कप्तान हैं और टीम को लगातार दूसरी बार फाइनल तक पहुंचा चुके हैं. आईपीएल 2026 में उनके बल्ले से 486 रन निकल चुके हैं और उन्होंने कई मैचों में टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला है. उनकी कप्तानी की भी खूब तारीफ हो रही है. फैंस के बीच रजत अब सिर्फ बल्लेबाज नहीं, बल्कि संघर्ष और समर्पण की मिसाल बन चुके हैं.

Topics