नई दिल्ली: भारत के दो दिग्गजों रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर पिछले कुछ समय से टीम इंडिया में जगह को लेकर बहस जारी है. हाालांकि, इन दोनों ही दिग्गजों ने अपने बल्ले से करारा जवाब दिया है और खूब रन बनाए हैं.
इसी कड़ी में अब आईसीसी ने वनडे की ताजा रैंकिंग जारी की है. इस रैंकिंग में इन दोनों दिग्गजों का जलवा देखने को मिल रहा है. रोहित शर्मा पहले स्थान पर बरकरार हैं, जबकि विराट कोहली ने छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है.
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन कर वनडे में पहला स्थान हासिल किया था. इसके बाद उन्हें एक सप्ताह के लिए डेरिल मिशेल ने रिप्लेस किया था लेकिन इसके बाद उन्होंने पहला स्थान हासिल कर लिया.
रोहित शर्मा ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में दो अर्धशतक लगाया था. उन्होंने पहले और तीसरे मुकाबले में फिफ्टी जड़ी थी. ऐसे में वे 781 रेटिंग पॉइंट के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं.
टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट ने ताजा रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया है. इससे पहले कोहली चौथे पायदान पर मौजूद थे लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन का कोहली को इनाम मिला है.
विराट के मौजूदा समय में 773 अंक हैं और वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. विराट ने अफ्रीकी टीम के खिलाफ पहले और दूसरे मुकाबले में शतक लगाया था. इसके अलावा तीसरे मैच में भी नाबाद 65 रनों की पारी खेली थी. ऐसे में वे अब रोहित से मात्र 8 पॉइंट पीछे हैं.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज में कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया था. कोहली ने 3 मैचों में 2 शतक और एक अर्धशतक के साथ 302 रन बनाए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था.
कोहली के अलावा रोहित का प्रदर्शन भी अच्छा रहा था. हालांकि, वे बड़ी पारी नहीं खेल सके थे. रोहित ने 3 मैचों में खेलते हुए 48.67 की औसत के साथ 146 रन बनाए थे, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे.