IPL 2026 में अपने बल्ले से धमाका करने वाले बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जादू सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रहा है. 15 साल की उम्र में उन्होंने जिस अंदाज में पूरे सीजन गेंदबाजों पर हल्ला-बोल किया. उसका असर अब विज्ञापन बाजार में भी दिखाई देने लगा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 50 लाख रुपये सालाना कमाने वाले इस युवा खिलाड़ी को अब 12 करोड़ रुपये तक के ऑफर मिल रहे हैं.
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में विस्फोटक बल्लेबाजी की. उन्होंने हर किसी को अपनी पारियों से अपने जादू का कायल बना लिया. अब कॉर्पोरेट दुनिया भी उन्हें भविष्य का बड़ा चेहरा मान रही है. एक रिपोर्ट के अनुसार, वैभव का मौजूदा बैट स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने वाला है. अब कई बड़ी कंपनियां उन्हें साइन करने की कोशिश में जुट गई हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के बड़े टायर ब्रांड्स वैभव को अपने साथ जोड़ने के लिए भारी रकम खर्च करने को तैयार हैं. बताया जा रहा है कि एक कंपनी ने तो उन्हें ब्लैंक चेक तक ऑफर कर दिया है. अगर यह डील पूरी होती है, तो भारतीय क्रिकेट के विज्ञापन बाजार में यह एक ऐतिहासिक करार माना जाएगा.
वैभव सूर्यवंशी की कहानी सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. यह उस नए दौर की शुरुआत भी है जहां युवा खिलाड़ी कम उम्र में ही ग्लोबल ब्रांड बन रहे हैं. आईपीएल 2026 ने उन्हें क्रिकेट का सुपरस्टार बनाया और अब विज्ञापन बाजार उन्हें करोड़ों का चेहरा बनाने को तैयार है.