menu-icon
India Daily

नाकामी की ली जिम्मेदारी... ऋषभ पंत ने अचानक छोड़ी LSG की कप्तानी, शर्मनाक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी से खुद की गुजारिश

ऋषभ पंत ने LSG की कप्तानी छोड़ दी है. पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से गुजारिश की थी कि उन्हें कप्तानी से हटा दिया जाए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
नाकामी की ली जिम्मेदारी... ऋषभ पंत ने अचानक छोड़ी LSG की कप्तानी, शर्मनाक प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजी से खुद की गुजारिश
Courtesy: X

LSG के बेहद शर्मनाक और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने लखनऊ की कप्तानी छोड़ दी है. पंत ने खुद फ्रेंचाइजी से गुजारिश की थी कि उन्हें कप्तानी से हटा दिया जाए. इस बात को लखनऊ सुपर जायंट्स ने स्वीकार कर लिया है और अपने हैंडल से ट्वीट कर जानकारी भी दे दी है.

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

LSG ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक ऑफिशियल बयान जारी कर कहा, ‘लखनऊ सुपर जायंट्स यह जानकारी देना चाहता है कि ऋषभ पंत ने खुद को कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त करने की गुजारिश की थी, और फ्रेंचाइजी ने उनकी इस बात को तुरंत मान लिया है.’

कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में फुस्स

आईपीएल 2026 ऋषभ पंत के लिए बेहद मुशिकल रहा. कप्तान के तौर पर वह टीम को संभाल नहीं पाए. बल्लेबाजी में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. पंत ने इस सीजन 14 मैचों में 312 रन बनाए. उनका औसत करीब 33 और स्ट्राइक रेट 146 का रहा.

टॉम मूडी ने दिए थे बदलाव के संकेत

सीजन खत्म होने से पहले ही लखनऊ सुपर जायंट्स के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कप्तानी में बदलाव के संकेत दे दिए थे. पंजाब किंग्स के खिलाफ हार के बाद उन्होंने कहा था कि टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और कई फैसलों पर दोबारा विचार करने की जरूरत है. मूडी ने साफ कहा था कि फ्रेंचाइजी अब भविष्य को देखते हुए नए विकल्प तलाश सकती है. वहीं, टूर्नामेंट के दौरान ऋषभ पंत के कुछ बयान भी चर्चा में रहे थे.

लगातार दो सीजन रहा खराब प्रदर्शन

लखनऊ सुपर जायंट्स पिछले दो सीजन से प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी है. आईपीएल 2025 में टीम सातवें स्थान पर रही थी. वहीं 2026 में हालात और खराब हो गए. टीम 14 में से 10 मुकाबले हार गई और प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही. फ्रेंचाइजी ने पंत को 27 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. टीम को इसका फायदा मैदान पर नहीं मिला.

कौन संभालेगा टीम की कमान?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगले सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का कप्तान कौन बनेगा. टीम के पास कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं. एडेन मार्करम इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं. वह पहले भी अलग-अलग टी20 लीग में कप्तानी कर चुके हैं. इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श और वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन भी मजबूत विकल्प हैं.

Topics