नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट को भविष्य के लिए एक ऐसा युवा स्टार मिल गया है, जिसने बेहद कम उम्र में दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL 2026 के सबसे बड़े आकर्षण बन चुके हैं. बड़े-बड़े गेंदबाजों के सामने जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है.
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने फिर साबित कर दिया कि वह भविष्य के ही नहीं, बल्कि आज के भी स्टार खिलाड़ी हैं. ऐसे में अब सवाल यह है कि इस आक्रामक प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई वैभव को टीम इंडिया में डेब्यू का मौका कब देगी.
अगर निडरता की कोई परिभाषा होती तो वह वैभव सूर्यवंशी के ऊपर बिलकुल फिट बैठती. वैभव सूर्यवंशी की सबसे बड़ी खासियत है कि वह निडरता के साथ खेलते हैं. चाहे सामने जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस, युवा बल्लेबाज बिना दबाव के बड़े शॉट लगाने का दम रखते हैं. IPL के अपने पहले मैच से ही उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी का संकेत दे दिया था और उसके बाद लगातार रन बनाते रहे.
IPL से पहले अंडर-19 विश्व कप में भी वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने फाइनल मुकाबले में 80 गेंदों पर 175 रन बनाकर भारत को यादगार जीत दिलाई थी. उसी टूर्नामेंट के बाद क्रिकेट विशेषज्ञों ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा बताना शुरू कर दिया था.
लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद अब वैभव को भारतीय टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है. हालांकि चयनकर्ता फिलहाल उन्हें धीरे-धीरे आगे बढ़ाने के पक्ष में नजर आ रहे हैं. बीसीसीआई का मानना है कि इतनी कम उम्र में खिलाड़ी पर ज्यादा दबाव डालना सही नहीं होगा.
जब मुख्य चयनकर्ता से वैभव के भविष्य के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वह फिलहाल उनसे पहले टीम इंडिया के लिए परफॉर्म कर रहे खिलाड़ियों जैसे यशस्वी जायसवाल को देख रहे हैं और वैभव को फिलहाल इंडिया ए ट्राइ सीरीज में भी मौका मिला है. तो कयास लगाया जा रहा है कि बीसीसीआई अभी वैभव के डूब्यू पर कोई विचार नहीं कर रही है.