भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि इस 15 वर्षीय खिलाड़ी में व्हाइट-बॉल क्रिकेट में इतिहास रचने की क्षमता है. हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि प्रतिभा के साथ सही माहौल और मार्गदर्शन भी उतना ही जरूरी होगा.
रॉबिन उथप्पा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी में सीमित ओवरों के क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर से भी बड़ा प्रभाव छोड़ने की क्षमता है. उन्होंने माना कि इतनी कम उम्र में जिस तरह वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है, वह बेहद खास है. उथप्पा ने कहा कि भारत में कई युवा खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की लेकिन बाद में उनका करियर उम्मीद के मुताबिक आगे नहीं बढ़ पाया. उन्होंने विनोद कांबली और पृथ्वी शॉ का उदाहरण देते हुए कहा कि सिर्फ प्रतिभा काफी नहीं होती, खिलाड़ी को सही दिशा भी मिलनी चाहिए.
उथप्पा का मानना है कि अगले कुछ साल वैभव सूर्यवंशी के करियर के लिए सबसे अहम होंगे. उन्होंने कहा कि कम उम्र में मिलने वाली लोकप्रियता कई बार खिलाड़ियों का ध्यान भटका देती है. ऐसे समय में परिवार, कोच और टीम का सहयोग बहुत जरूरी होता है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि वैभव फिलहाल विज्ञापनों और दूसरी चीजों से दूरी बनाकर सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान दे रहे हैं. उनके मुताबिक अगर यह फोकस बना रहा तो वैभव अपने खेल को और ऊंचाई तक ले जा सकते हैं.
पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी का सफर हमेशा आसान नहीं होता. करियर में मुश्किल दौर जरूर आते हैं और वही खिलाड़ी आगे बढ़ता है जो उन्हें सही तरीके से संभालता है. उथप्पा ने उम्मीद जताई कि वैभव को ऐसे मेंटर और सपोर्ट सिस्टम मिलेंगे जो उन्हें दबाव और बाहरी चीजों से दूर रखेंगे. उन्होंने कहा कि अगर युवा बल्लेबाज अपनी मेहनत, सादगी और खेल के प्रति समर्पण बनाए रखते हैं, तो वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं.