Tim David Suspension: आईपीएल 2026 का फाइनल जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जश्न में डूबी हुई थी. इसी बीच टिम डेविड ने कुछ ऐसा कर दिया, जो पूरी टीम को अगले साल भारी पड़ेगा. फाइनल मुकाबले के दौरान हुए एक विवादित व्यवहार के कारण उनके खाते में डिमेरिट पॉइंट बढ़ गए हैं. अब इसका असर अगले सीजन में भी देखने को मिलेगा.
आईपीएल की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह मामला फाइनल मुकाबले की पहली पारी के 10वें ओवर से जुड़ा है. आरोप है कि टिम डेविड ने गुस्से में अंपायर नितिन मेनन की दिशा में एक आइस बैग फेंका था. इस व्यवहार को आचार संहिता का उल्लंघन माना गया. मैच अधिकारियों ने मामले की समीक्षा की और इसे लेवल-1 अपराध की श्रेणी में रखा. घटना के बाद डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली.
इस मामले में टिम डेविड की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया. साथ ही उन्हें दो अतिरिक्त डिमेरिट पॉइंट भी दिए गए. यही दो अंक उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गए. इससे पहले भी इस सीजन में वह दो बार आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए थे. पहले मामले में उन्हें एक और दूसरे मामले में दो डिमेरिट पॉइंट मिले थे. फाइनल के बाद उनके कुल डिमेरिट पॉइंट्स की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जिसके कारण उनपर एक मैच का बैन लगा.
आईपीएल 2026 के दौरान डेविड का यह तीसरा अनुशासनात्मक मामला था. उनके पहले दोनों उल्लंघन मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबलों में दर्ज किए गए थे. लगातार नियमों के उल्लंघन ने उनके रिकॉर्ड को प्रभावित किया और आखिरकार फाइनल में हुई घटना ने उन्हें निलंबन तक पहुंचा दिया.
इस फैसले का सीधा असर अगले सीजन पर पड़ेगा. आईपीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि टिम डेविड आईपीएल 2027 में अपनी टीम का पहला मुकाबला नहीं खेल सकेंगे. वह अगले सीजन भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहते हैं, तो टीम का शुरुआती मैच मिस करेंगे. वहीं अगर वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी से जुड़ते हैं, तब भी उस टीम के पहले मैच में उन्हें बाहर बैठना होगा.