menu-icon
India Daily

इंग्लैंड में अपना जलवा बिखेरेंगे तिलक वर्मा, 4 मैचों के लिए टीम के साथ जुड़े

Tilak Varma: भारत के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने एक बड़ा फैसला लिया है. वे इंग्लैंड में क्रिकेट खेलते हुए दिखाई देने वाले हैं. तिलक हैम्पशायर के साथ 4 मैचों के लिए जुड़ चुके हैं और वे धमाल मचाने को तैयार हैं.

mishra
इंग्लैंड में अपना जलवा बिखेरेंगे तिलक वर्मा, 4 मैचों के लिए टीम के साथ जुड़े
Courtesy: Social Media

Tilak Varma: भारत के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा इंग्लैंड में अपने खेल का जादू दिखाने के लिए तैयार हैं. हाल ही में हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने उन्हें अपनी टीम के लिए साइन किया है. तिलक अब हैम्पशायर की टीम के साथ अगले चार रेड-बॉल मैचों में हिस्सा लेंगे, जिसमें उनका पहला मुकाबला 22 जून से एसेक्स के खिलाफ होगा. यह मौका तिलक के करियर के लिए खास है, और फैंस उनकी बल्लेबाजी का इंतजार कर रहे हैं. 

तिलक वर्मा ने भारत के लिए 29 मैच खेले हैं, जिसमें से 25 टी20 इंटरनेशनल हैं. इन मैचों में उन्होंने 749 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं. उनका पहला शतक नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आया था, और इसके बाद लगातार दो शतक जड़कर उन्होंने धमाल मचा दिया. 

रेड-बॉल में भी मजबूत पकड़

हालांकि तिलक टी20 के लिए मशहूर हैं लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने 18 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं और दलीप ट्रॉफी में इंडिया ए का प्रतिनिधित्व किया है. 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भी उन्होंने दो मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 1200 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं. उनकी औसत 50.16 रही, जो उनकी मजबूत तकनीक को दिखाती है.

हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर गाइल्स व्हाइट ने कहा, "तिलक का हमारे अगले चार मैचों में शामिल होना शानदार है. वे एक रोमांचक प्रतिभा हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में बड़ा प्रभाव छोड़ा है. हम इस गर्मी में उनके प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं."

हैम्पशायर के लिए नई उम्मीद

हैम्पशायर की टीम इस समय काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में सातवें स्थान पर है. पिछले साल वे रनर-अप रहे थे, जो उनका 2005 के बाद का सबसे अच्छा प्रदर्शन था. तिलक की एंट्री से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है. फैंस को उनका पहला मैच 22 से 25 जून तक चेल्म्सफोर्ड में एसेक्स के खिलाफ देखने को मिलेगा. इसके बाद 29 जून से 2 जुलाई तक वे घरेलू मैदान पर वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ खेलेंगे.