सुनील छेत्री की महानता इससे आकी जा सकती हैं कि वह दुनिया के दो महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनल मेसी के साथ इंटरनेशनल मैच में तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले प्लेयर हैं. सुनील छेत्री ने 150 मैच में 94 गोल किए हैं. सुनील छेत्री ने संन्यास का ऐलान कर दिया है. सुनील छेत्री अपने संन्यास पर बात करते हुए थोड़े इमोशनल दिखे. उन्होंने कहा 19 साल पहले जो सिलसिला शुरू हुआ था वो अब अगले सप्ताह से समाप्त हो जाएगी.
अपने रिटायरमेंट के बारे में बात करते हुए सुनील छेत्री ने कहा कि ये फैसला लेना मेरे लिए आसान नहीं था. मैं दुखी हूं. दिमाग तो कहता है हो गया तुमने सही किया, लेकिन अंदर का बच्चा कहता है एक मैच और खेल लिया जाए. एक कैंप में और जाया जाए. यह एक ऐसी लड़ाई है जिसका सामना मैं दिन में कम से कम एक बार करता हूं लेकिन मुझे सच में लगता है कि मैंने सही निर्णय लिया है.
अगला सुनील छेत्री कौन होगा? इस सवाल का जवाब देते हुए सुनील छेत्री कहते हैं कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं है. खेल में ट्रेनिंग की काफी आवश्यकता होती है. हमारे पास ऐसे लोग हैं जो ऐसा कर सकते हैं. लेकिन जब आप देश के लिए खेलते हैं तो यह अलग होता है और अगर आपने पर्याप्त नहीं खेला है तो यह मदद नहीं करता है.
सुनील छेत्री इंटरनेशनल फुटबॉल मैचों में सबसे अधिक गोल करने वाले दुनिया के टॉप फुटबॉलर्स में शामिल हैं. सबसे अधिक 128 गोल करने का विश्व रिकॉर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम है. ईरान के अली देई (108) दूसरे और लियोनेल मेसी (106) तीसरे नंबर पर हैं. इन तीनों के बाद सुनील छेत्री हैं. सुनील छेत्री ने 150 मैच में 94 गोल किए हैं.