वो 'शराबी क्रिकेटर' जिसे विश्व कप में जगह मिली, 1 गलती से लौटा दिया गया घर, फिर बर्बाद हो गया करियर!
T20 World Cup Controversy: ये किस्सा साल 2009 में खेले गए टी20 विश्व कप का है. जब इस दिग्गज को ऑस्ट्रेलिया टीम में जगह मिली, लेकिन एक गलती ने उनका करियर डुबो कर दिया.
T20 World Cup Controversy: 1 जून से टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आगाज होना है. साल 2007 में शुरू हुए इस मेगा टूर्नामेंट का इतिहास जितना यादगार मैचों, रिकॉर्ड और मजेदार मूमेंट से भरा हुआ है उतना ही विवादों के लिए भी फेमस है. 2007 में युवराज सिंह और फ्लिंटॉफ के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवी ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाकर अपना गुस्सा उतारा था. यह किस्सा काफी चर्चित रहा, इसके 2 साल बाद 2009 में खेले गए विश्व कप में एक और कांड हुआ था, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर का करियर बर्बाद हो गया.
दरअसल, साल 2009 के टी20 विश्व कप में पाकिस्तान चैंपियन बनी थी. इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया का एक दिग्गज क्रिकेटर विवादों में रहा, उसे टीम में जगह मिली, लेकिन शराब कांड की वजह से वो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुआ और फिर कभी नेशनल टीम में वापसी नहीं हो सकी. ये कोई और नहीं बल्कि स्टाइलिश ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स थे, जो गेंद और बल्ले से मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते थे.
एंड्रयू साइमंड्स का गुनाह क्या था?
दरअसल, साल 2009 का टी20 विश्व कप इंग्लैंड में हुआ था. एंड्रयू साइमंड्स को ऑस्ट्रेलिया टीम में जगह मिली थी और वो टीम के साथ इंग्लैंड में गए थे, लेकिन टूर्नामेंट के ठीक पहले उन्होंने वहां शराब पीकर एक क्लब में घंटों तक समय बिताया था. फिर वो चैरिटी डिनर समारोह में नशे की हालत में पहुंच गए थे, जिसमें उन्होंने आपत्तिजनक व्यवहार किया. इससे ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग इससे बेहद नाराज हुए थे.
Andrew Symonds
शराब कांड ने करियर कर दिया था खत्म
इस मामले में एंड्रयू पर आरोप लगा कि उन्होंने शराब और अन्य मामलों में टीम के नियमों का उल्लंघन किया है. लिहाजा कप्तान रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड से बात करके उन्हें वापस ऑस्ट्रेलिया भिजवा दिया. साइमंड्स ऑस्ट्रेलिया के महानतम ऑलराउंडर में शामिल थे, लेकिन इस विवाद के बाद उनका करियर छोटा हो गया. साल 2009 में उनका कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म कर दिया गया था. इसके बाद उन्हें कभी भी ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं दी गई.
किसे मिली थी साइमंड्स की जगह टीम में एंट्री?
ये वही साइमंड्स थे जिनका जलवा पूरी दुनिया 2003 और 2007 के 50 ओवर वर्ल्ड कप में देख चुकी थी, सभी को लगा था कि उसी स्टाइल के साथ एंड्रयू ऑस्ट्रेलिया को 2009 का T20 वर्ल्ड कप भी जिता देंगे, लेकिन टूर्नामेंट से पहले उनके शराब कांड ने उन्हें टीम से ही बाहर कर दिया गया था. उनकी जगह कैमरन व्हाइट को टीम में चुना गया. जो कि बाद में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान भी बने.
एंड्रयू साइमंड्स का करियर कैसा रहा?
एंड्रयू साइमंड्स का करियर बेहद शानदार रहा. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 198 वनडे मैच में 5088 रन बनाए हैं. इस दौरान 133 शिकार किए हैं, उनके नाम 26 टेस्ट मैचों में 1462 रन और 24 विकेट हैं. साइमंड्स ने लिस्ट ए के 424 मैचों में 11099 रन बनाए हैं. फर्स्ट क्लास के मैचों की 376 पारियों में 14477 रन हैं. इस ऑलराउंडर ने लिस्ट ए में 282 जबकि फर्स्ट क्लास मैचों में 242 विकेट झटके हैं.