menu-icon
India Daily

'पाकिस्तान क्रिकेट खत्म...' हार के बाद आया सेलेक्टर आकिब जावेद का बयान, कहा सेमीफाइनल खेलने के काबिल थी टीम

टी20 विश्व कप में पाकिस्तान टीम के निराशाजनक तरीके से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी चयनकर्ता आकिब जावेद का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी टीम और खिलाड़ियों का बचाव किया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
'पाकिस्तान क्रिकेट खत्म...' हार के बाद आया सेलेक्टर आकिब जावेद का बयान, कहा सेमीफाइनल खेलने के काबिल थी टीम
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा. विश्व कप में टीम ने बुरे अंत पर अपने सफल का समापन किया. अब टीम के निराशाजनक तरीके से बाहर होने के बाद पाकिस्तानी चयनकर्ता आकिब जावेद का बयान सामने आया है. जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी टीम और खिलाड़ियों का बचाव किया है.

उन्होंने अपनी टीम का बचाव करते हुए कहा कि स्थिति भले ही गंभीर है लेकिन देश के क्रिकेट भविष्य के लिए विनाशकारी नहीं है. सुपर 8 का अपना आखिरी मैच जीतने के बावजूद पाकिस्तान टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रहा और अंततः ग्रुप की अन्य टीमों की तुलना में खराब नेट रन रेट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया.

पाकिस्तान का T20 World Cup 2026 अभियान

पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान के अभियान में कई उतार-चढ़ाव आए. टीम को पूरे टूर्नामेंट कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान ने विश्व कप की शुरुआत तो लगातार दो जीत के साथ अच्छी की थी, लेकिन बाद में टीम को अपनी चिर प्रतिद्वंदी टीम भारत से मुंह की खानी पड़ी. भारत ने पाक को 61 रनों से करारी शिकस्त दी थी. जिसने उनके नेट रन रेट को काफी नुकसान पहुंचाया और उनके क्वालीफाई करने की संभावनाओं को जटिल बना दिया.

श्रीलंका से जीतकर भी बाहर हुई थी पाकिस्तान

सुपर आठ स्टेज शुरू होने तक, पाकिस्तान को प्रतियोगिता में बने रहने के लिए निर्णायक जीत की आवश्यकता थी. श्रीलंका के खिलाफ अपने आखिरी मैच में, पाकिस्तान ने मामूली अंतर से जीत हासिल की, जिसका टीम को कोई फायदा नहीं हुआ और टीम के टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. 

पाकिस्तान को आगे बढ़ने के लिए श्रीलंका को बड़े अंतर से हराना था लेकिन पाक टीम ऐसा करने में नाकाम रही और नेट रनरेट के आधार पर टीम को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.

एलिमिनेशन के बाद आकिब जावेद की प्रतिक्रिया

पाकिस्तान के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अब पाकिस्तान के चयनकर्ता आकिब जावेद ने बयान जारी किया है. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह स्वीकारा कि टीम का सेमीफाइनल तक न पहुंच पाना चिंता का विषय जरूर है, लेकिन उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इसे पाकिस्तान क्रिकेट के पूर्ण पतन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.

उन्होंने आगे कहा कि 'यह एक बड़ा मुद्दा है, लेकिन इतना भी बड़ा नहीं कि हमारा क्रिकेट बर्बाद हो जाए. पाकिस्तान नेट रन रेट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया, टीम टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में खेलने के काबिल थी.'