menu-icon
India Daily

IND vs SA: अभिषेक शर्मा की होगी छुट्टी? इस खिलाड़ी की वापसी तय; साउथ अफ्रीका के खिलाफ कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11

भारतीय टीम के गेंदबाज कोच मोर्ने मोर्केल ने साफ किया है कि टीम प्रबंधन ने अभी तक अभिषेक के प्रदर्शन को लेकर कोई औपचारिक चर्चा नहीं की है. उनके मुताबिक, अभिषेक को सिर्फ एक अच्छी शुरुआत की जरूरत है और वह उसके बाद लय में लौट सकते हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
IND vs SA: अभिषेक शर्मा की होगी छुट्टी? इस खिलाड़ी की वापसी तय; साउथ अफ्रीका के खिलाफ कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11
Courtesy: @Kavi_Hardik

अहमदाबाद: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा. यह मैच 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा. दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय रही हैं, ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है.

सुपर-8 के अहम मुकाबले से पहले भारतीय टीम प्रबंधन प्लेइंग इलेवन में कुछ अहम बदलाव करने पर विचार कर सकता है. खासकर बल्लेबाजी क्रम में फेरबदल की चर्चा तेज है. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का कारण बना हुआ है. अभिषेक शर्मा ने टूर्नामेंट में अबतक 3 मैच खेले हैं और तीनों बार शून्य पर आउट हुए हैं. ऐसे में उनके स्थान को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

अभिषेक की होगी छुट्टी?

भारतीय टीम के गेंदबाज कोच मोर्ने मोर्केल ने साफ किया है कि टीम प्रबंधन ने अभी तक अभिषेक के प्रदर्शन को लेकर कोई औपचारिक चर्चा नहीं की है. उनके मुताबिक, अभिषेक को सिर्फ एक अच्छी शुरुआत की जरूरत है और वह उसके बाद लय में लौट सकते हैं. दूसरी ओर ईशान किशन बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि टीम प्रबंधन एक बार फिर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी पर भरोसा जता सकता है.

मध्यक्रम में बदलाव नहीं होगा

भारतीय टीम के मध्यक्रम में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है. तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा को मौका मिल सकता है, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करते दिखाई दे सकते हैं. पांचवें नंबर पर शिवम दुबे को जिम्मेदारी मिल सकती है. फिनिशर की भूमिका में हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह अहम भूमिका निभा सकते हैं. दोनों खिलाड़ी तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं और डेथ ओवरों में टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बना सकते हैं. 

अक्षर पटेल की वापसी

उपकप्तान अक्षर पटेल की प्लेइंग इलेवन में वापसी संभव है. पिछले मुकाबले में उन्हें आराम दिया गया था. अगर अक्षर टीम में लौटते हैं तो वॉशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ सकता है. तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के कंधों पर रहने की संभावना है. स्पिन गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती अहम भूमिका निभा सकते हैं. 

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती व जसप्रीत बुमराह.