अहमदाबाद: भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ग्रुप-ए के अंतिम मुकाबले में नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराया. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप चरण का अंत 8 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर किया.
अब भारतीय टीम सुपर-8 चरण में भी इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी. भारत का अगला मुकाबला 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद के इसी मैदान पर खेला जाएगा.
𝗪 𝗪 𝗪 𝗪#TeamIndia end the league stage with a 4⃣th consecutive victory ✅
— BCCI (@BCCI) February 18, 2026
Bring on the Super 8s 💪
Scorecard ▶️ https://t.co/SdXngdnwKB#T20WorldCup | #MenInBlue | #INDvNED️ pic.twitter.com/pgi086F3ls
इस मैच में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए, जो एक चुनौतीपूर्ण स्कोर साबित हुआ. लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी और मुकाबला 17 रन से हार गई.
नीदरलैंड्स के सलामी बल्लेबाज माइकल लेविट और मैक्स ओ’डॉड ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े. दोनों बल्लेबाज सेट होते दिख रहे थे, लेकिन छठे ओवर में गेंदबाजी करने आए वरुण चक्रवर्ती ने मैक्स ओ’डॉड को 20 रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई.
इसके बाद 51 रन के स्कोर पर माइकल लेविट भी आउट हो गए, जिन्हें हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा. इसके बाद बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन ने तीसरे विकेट के लिए तेज 49 रन की साझेदारी की और मैच को रोमांचक बना दिया. लेकिन एक बार फिर वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी का जादू दिखाते हुए एकरमैन को 23 रन पर आउट कर दिया. इस विकेट के बाद नीदरलैंड्स की पारी लड़खड़ा गई और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे.
अंतिम ओवरों में नूह क्रोस और जैक लायन-कैशेट ने तेज रन बनाकर मुकाबले में जान डालने की कोशिश की, लेकिन वे टीम को जीत तक नहीं ले जा सके. भारत की ओर से गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिए. ऑलराउंडर शिवम दुबे ने भी दो विकेट हासिल किए. इसके अलावा जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली. अगर भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो इसमें शिवम दुबे की पारी सबसे अहम रही.
उन्होंने 66 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 रन, तिलक वर्मा ने 31 रन और हार्दिक पांड्या ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली. इन पारियों की बदौलत भारत 193 रन तक पहुंच पाया. नीदरलैंड्स की ओर से गेंदबाजी में लोगन वैन बीक ने तीन विकेट लिए, जबकि आर्यन दत्त ने दो बल्लेबाजों को आउट किया.