menu-icon
India Daily

Delhi Weather: दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड! 15 डिग्री तक गिरेगा पारा, फिर होगी बारिश

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है. रविवार को कुछ इलाकों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई.

Shilpa Shrivastava
Delhi Weather: दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड! 15 डिग्री तक गिरेगा पारा, फिर होगी बारिश
Courtesy: ChatGPT AI

Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ले ली है. रविवार को कुछ इलाकों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा और गिरने की संभावना जताई है. 

इसके अलावा, हफ्ते के आखिर में दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम में बदलाव के बीच राजधानी की एयर क्वालिटी में भी सुधार दर्ज किया गया है. हालांकि, आने वाले दिनों में प्रदूषण बढ़ने की आशंका है.

दिल्ली में बारिश और ओलावृष्टि से बदला मौसम:

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात और रविवार सुबह के बीच दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं. मध्य और दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे. हरियाणा के कैथल में तेज हवाओं की रफ्तार 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमी को बताया गया है. बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में तापमान नीचे आया है.

15 डिग्री तक गिर सकता है पारा:

IMD के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने की संभावना है. वहीं, मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में दोबारा हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

दिल्ली की हवा में सुधार, लेकिन प्रदूषण बढ़ने का खतरा:

बारिश के बाद दिल्ली की एयर क्वालिटी में भी सुधार हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 153 दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को यह 191 था. हालांकि, हवा की गुणवत्ता अभी भी मध्यम श्रेणी में है. एयर क्वालिटी अर्ली वाॉनिंग सिस्टम के अनुसार, 26 से 28 अक्टूबर के बीच दिल्ली का AQI खराब श्रेणी में पहुंच सकता है. अगले छह दिनों में भी प्रदूषण का स्तर मध्यम और खराब श्रेणी के बीच रहने की आशंका है.

अलग-अलग इलाकों में कितना रहा तापमान?

रविवार को पालम में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री, लोधी रोड में 16.4 डिग्री और रिज इलाके में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान लोधी रोड में 31 डिग्री और रिज इलाके में 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा.