menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: फाइनल में बारिश बनी विलेन तो कौन बनेगा विजेता? यहां जानें ICC का नियम

अहमदाबाद में 8 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन अगर मैच के दौरान बारिश हो जाती है तो अंपायर मैच की स्थिति को देखते हुए ओवर कम कर सकते हैं.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: फाइनल में बारिश बनी विलेन तो कौन बनेगा विजेता? यहां जानें ICC का नियम

अहमदाबाद: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित होगा. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है. 

न्यूजीलैंड ने पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था, जबकि भारत ने दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. अब क्रिकेट फैंस को इस बड़े मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है.

मौसम साफ रहने की संभावना

अहमदाबाद में 8 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन अगर मैच के दौरान बारिश हो जाती है तो अंपायर मैच की स्थिति को देखते हुए ओवर कम कर सकते हैं. टी20 मैचों में बारिश के कारण अक्सर ओवर घटाकर मुकाबला पूरा कराया जाता है. अगर बारिश के कारण उसी दिन मैच पूरा नहीं हो पाता है तो फाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है. इसका मतलब यह है कि मुकाबला अगले दिन पूरा कराया जा सकता है.

मैच रद्द होने पर कौन बनेगा विजेता?

अगर बारिश या किसी अन्य वजह से रिजर्व डे पर भी मैच का नतीजा नहीं निकल पाता है, तो ऐसी स्थिति में आईसीसी के नियम लागू होंगे. नियम के अनुसार, दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जा सकता है. इसका मतलब होगा कि भारत और न्यूजीलैंड दोनों को टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी साझा करनी पड़ेगी.

मौसम विभाग के अनुसार, 8 मार्च को अहमदाबाद में मौसम साफ रहने की संभावना है. दिन के समय धूप रहने का अनुमान है और बारिश की संभावना लगभग ना के बराबर बताई जा रही है. तापमान सामान्य रहेगा और हल्की हवा भी चल सकती है. ऐसे में उम्मीद है कि मैच बिना किसी रुकावट के पूरा खेला जाएगा.

क्या तीसरा खिताब जीत पाएगा भारत?

भारतीय टीम अब तक दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है. भारत ने पहली बार 2007 में और दूसरी बार 2024 में यह ट्रॉफी अपने नाम की थी. अगर इस बार भी टीम जीतती है तो यह उसका तीसरा खिताब होगा. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम अभी तक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत पाई है. इसलिए कीवी टीम इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी. अब देखना होगा कि फाइनल में कौन सी टीम बाजी मारती है.