नई दिल्ली: रोमांचक मुकाबलों के बाद आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा.
टूर्नामेंट के दौरान दोनों टीमों ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया. भारतीय टीम जहां घरेलू मैदान पर इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी. वहीं, न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप का खिताब जीतने का सपना लेकर मैदान में कदम रखेगी.
फाइनल मुकाबले से पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भव्य समापन समारोह आयोजित होगा. यह कार्यक्रम 8 मार्च को शाम 5.30 बजे शुरू होगा. समारोह में अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिकी मार्टिन, बॉलीवुड और पंजाबी गायक सुखबीर व मशहूर लोक गायक फाल्गुनी पाठक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे.
भारतीय टीम ने मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को सात रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम ने दबाव के क्षणों में शानदार संयम दिखाया. गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में सटीक प्रदर्शन किया, जिससे इंग्लैंड लक्ष्य के करीब पहुंचकर भी जीत हासिल नहीं कर सका.
दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने कोलकाता में खेले गए सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया. कीवी टीम ने बेहद संतुलित खेल दिखाया. बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक अंदाज अपनाया और मुकाबले को एकतरफा बना दिया. इस जीत ने टीम का आत्मविश्वास और भी बढ़ा दिया है.
भारतीय टीम चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है और तीसरी बार खिताब जीतने का मौका उसके सामने है. घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी टीम को मिलेगा. हाल के द्विपक्षीय मुकाबलों में भारत का प्रदर्शन न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है, जिससे टीम का मनोबल मजबूत है.
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की बात करें तो न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है. टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में फाइनल मुकाबले में भारत के सामने इतिहास बदलने की चुनौती होगी.