menu-icon
India Daily

'एहसान चुकाने का वक्त...', टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा?

कप्तान ने भरोसा जताते हुए कहा कि अभिषेक ने पिछले वर्ष शानदार प्रदर्शन किया था और टीम के लिए कई अहम पारियां खेली थी. कप्तान ने कहा कि उसने पिछले साल टीम के लिए सब कुछ किया.

Anuj
Edited By: Anuj
'एहसान चुकाने का वक्त...', टी20 विश्व कप में अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म को लेकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा?
Courtesy: x

नई दिल्ली: कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी. यह मुकाबला 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई, जिसमें सूर्यकुमार यादव से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर सवाल पूछे गए. 

जब कप्तान सूर्यकुमार यादव से अभिषेक के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेहद सकारात्मक जवाब दिया. सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक के फॉर्म को लेकर चिंतित हैं. और साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि असली चिंता तो उन टीमों को होनी चाहिए जो आगे अभिषेक का सामना करेंगी.

'यह एहसान चुकाने का वक्त है'

कप्तान ने भरोसा जताते हुए कहा कि अभिषेक ने पिछले वर्ष शानदार प्रदर्शन किया था और टीम के लिए कई अहम पारियां खेली थी. कप्तान ने कहा कि उसने पिछले साल टीम के लिए सब कुछ किया, अब हमारे लिए एहसान चुकाने का वक्त है. 

3 मैचों में शून्य पर आउट हुए

नीदरलैंड्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी अभिषेक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे. उस समय उनके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई दी थी. टी20 विश्व कप 2026 में अभिषेक शर्मा लगातार तीन बार जीरो पर आउट हो चुके हैं. इससे पहले वह अमेरिका और पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भी खाता नहीं खोल पाए थे. सोशल मीडिया पर अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन को लेकर आलोचनाएं भी तेज हो गई थी. 

अफ्रीका के खिलाफ कैसा है रिकॉर्ड?

अगर अभिषेक शर्मा के दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े उम्मीद जगाते हैं. उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 8 मुकाबले खेले हैं और 25 की औसत से 200 रन बनाए हैं. उनके नाम एक अर्धशतक भी दर्ज है और उनका स्ट्राइक रेट 173.91 का रहा है, जो उनके आक्रामक अंदाज को दर्शाता है.

बल्ले से आलोचकों को जवाब

इन आंकड़ों को देखते हुए टीम और प्रशंसकों को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद है. सुपर-8 जैसे अहम चरण में यदि अभिषेक लय में लौटते हैं तो भारतीय टीम की बल्लेबाजी और भी मजबूत हो सकती है. अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या अभिषेक शर्मा अपने बल्ले से आलोचकों को जवाब दे पाते हैं या नहीं.