menu-icon
India Daily

PM Modi और Team India के खिलाड़ियों के बीच क्या बातचीत हुई थी? पूरा Video आ गया सामने

T20 World Cup 2024: 4 जुलाई को मुंबई में जश्न मनाने से पहले टीम इंडिया ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी, जिसका शुरुआत में छोटा सा वीडियो सामने आया था, लेकिन अब पूरी मुलाकात का वीडियो सामने आ चुका है, जिसे पीएम मोदी के ऑफिशियल X हैंडल से शेयर किया गया है. इस वीडियो में भारतीय खिलाड़ियों ने  टी20 वर्ल्ड कप 2024 के अनुभवों को साझा किया. जानिए किसने क्या बताया.

India Daily Live
PM Modi और Team India के खिलाड़ियों के बीच क्या बातचीत हुई थी? पूरा Video आ गया सामने
Courtesy: Twitter

T20 World Cup 2024: इस वक्त पूरा देश टी20 विश्व कप 2024 में चैंपियन बनी टीम इंडिया की जीत के जश्न में डूबा हुआ है. 4 जुलाई को भारतीय टीम बारबाडोस से सीधा दिल्ली में लैंड हुई थी, जिसके बाद खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम से मुलाकात की. इस दौरान सभी खिलाड़ियों को बधाई और और उनका शुक्रिया अदा भी किया. पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से बारी-बारी से चर्चा की और वर्ल्ड कप के दौरान आए उतार-चढ़ाव को जाना. कोच राहुल द्रविड़, कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपना-अपना अनुभव शेयर किया. हार्दिक पांड्या ने बताया कि कैसे उन्होंने फाइनल में क्रूशियल ओवर डाला, जिसमें सूर्या ने कैच लेकर मैच का रुख पलट दिया. 

पीएम मोदी ने कहा बहुत खुशी की बात है कि आपने देश को खुश कर दिया. आप सभी बहुत-बहुत बधाई के पात्र हैं.  'विजय के आंसू जब देखता हूं तो समझ सकता हूं कि पराजय के पल कितने कठिन रहे होंगे, मैने उस दिन सबको देखा था और दर्द फील किया था. पीएम मोदी ने सभी खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने वन टू वन चर्चा की. ये बातचीत करीब एक घंटे तक चली. इस दौरान पीएम मोदी बीच में बैठे थे, जबकि रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ उनके बगल में थे. 

राहुल द्रविड़ ने कहा 'मैं आपका शुक्रिया अदा करना चाहूंगा कि आपने हमें आपसे मिलने का मौका दिया.  अहमदाबाद में हमारे मैच के दौरान आप वहां भी आए थे, मैं मानता हूं कि समय उतना अच्छा नहीं था, इसलिए हम बहुत खुश हैं कि हम आज इस खुशी के मौके पर आपसे मिल पाए. मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि रोहित और इन सभी लड़कों ने जो जुझारूपन दिखाया है, जो कभी हार न मानने वाला रवैया दिखाया है, वह बहुत मायने रखता है, इसका श्रेय लड़कों को जाता है, उन्होंने इसके लिए बहुत मेहनत की है. यह बहुत खुशी की बात है कि इन लड़कों ने युवा पीढ़ी को प्रेरित किया है.

पीएम मोदी ने कप्तान रोहित शर्मा से जीत के बाद मिट्टी चखने के पल के बारे में पूछा?

रोहित शर्मा ने कहा 'हम काफी बार कोशिश कर चुके थे, लेकिन हम सफल नहीं हो पा रहे थे. इस बार हमारी टीम ने वो कारनामा कर दिखाया, जिसके बाद वो ऐसा लम्हा था कि वो खुद से ही हो गया, मैं मैदान पर गया और वहां की मिट्टी चखी, क्योंकि उसी मैदान पर सब कुछ हुआ, उसी मैदान पर हमने ये कारनामा किया. 

ऋषभ पंत ने क्या कहा?

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान क्रिकेटर ऋषभ पंत ने कहा '1.5 साल पहले मेरा एक्सीडेंट हुआ था, तो मैं बहुत मुश्किल दौर से गुजर रहा था, मुझे वो बहुत अच्छे से याद है, क्योंकि आपका फोन मेरी मां के पास आया था और मेरी मां ने मुझे बताया था कि सर ने कहा है कि कोई दिक्कत नहीं है, तब मैं मानसिक रूप से थोड़ा शांत हुआ था. उसके बाद रिकवरी के दौरान मैं लोगों से सुनता था कि क्या मैं कभी क्रिकेट खेल पाऊंगा या नहीं, तो पिछले 1.5 साल से मैं सोच रहा था कि मुझे मैदान पर वापस आना चाहिए और जो मैं कर रहा था उससे बेहतर करना चाहिए.'

विराट कोहली ने शेयर किया अनुभव

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान विराट कोहली ने कहा, "हम सभी को यहां बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद और यह दिन हमेशा मेरे दिमाग में रहेगा, क्योंकि इस पूरे टूर्नामेंट में मैं वो योगदान नहीं दे पाया जो मैं देना चाहता था और एक समय मैंने राहुल भाई से भी कहा था कि मैंने अभी तक खुद और टीम दोनों को न्याय नहीं दिया है, तो उन्होंने मुझसे कहा कि जब स्थिति आएगी तो मुझे यकीन है कि तुम फॉर्म में आ जाओगे, तो हमारे बीच ये बातचीत हुई और जब हम खेलने गए तो मैंने रोहित से कहा, मुझे इतना भरोसा नहीं था कि मैं जिस तरह से बल्लेबाजी करना चाहता हूं, कर पाऊंगा,  तो जब हम खेलने गए तो मैंने पहली 4 गेंदों पर 3 चौके खाए तो मैंने जाकर उनसे कहा, ये कैसा खेल है, एक दिन ऐसा लगता है कि एक भी रन नहीं बनेगा और फिर दूसरा दिन आता है और सब कुछ होने लगता है'.

जसप्रीत बुमराह ने क्या कहा?

पीएम मोदी से बातचीत के दौरान जसप्रीत बुमराह ने कहा, "जब भी मैं भारत के लिए गेंदबाजी करता हूं, तो मैं बहुत ही महत्वपूर्ण चरणों में गेंदबाजी करता हूं. जब भी स्थिति कठिन होती है, मुझे उस स्थिति में गेंदबाजी करनी होती है. इसलिए मुझे बहुत अच्छा लगता है जब मैं टीम की मदद करने में सक्षम होता हूं और अगर मैं किसी भी कठिन परिस्थिति से मैच जीतने में सक्षम होता हूं, तो मुझे बहुत आत्मविश्वास मिलता है और मैं उस आत्मविश्वास को आगे भी ले जाता हूं. और विशेष रूप से इस टूर्नामेंट में, ऐसी कई परिस्थितियां थीं जहां मुझे कठिन ओवर करने थे और मैं टीम की मदद करने और मैच जीतने में सक्षम था."