नई दिल्ली: टी20 प्रारूप के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं. सूर्या को रोहित शर्मा के संन्यास के बाद टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई थी. हालांकि, उनकी कप्तानी कुछ हद तक आश्चर्यजनक थी, क्योंकि रोहित शर्मा की कप्तानी में वे उप-कप्तान भी नहीं थे.
कई लोगों का मानना था कि मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर ही सूर्या की कप्तानी के पीछे का कारण हैं. बता दें गंभीर के मार्गदर्शन में सूर्यकुमार कोलकाता नाइट राइडर्स में उप-कप्तान रह चुके हैं. लेकिन अब सूर्यकुमार ने खुलासा किया है कि टी20 इंटरनेशनल कप्तानी संभालने में गंभीर के अलावा चार अन्य लोगों की भी भूमिका थी.
मौजूदा समय में भारतीय टी20 टीम सफल कप्तानों में से एक सूर्यकुमार यादव ने बताया कि बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह, बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा सूर्या को कप्तान के रूप में पदोन्नत करने के निर्णय में शामिल थे.
सूर्या ने आगे इस राज का खुलासा करते हुए बताया कि, ' तत्कालीन बीसीसीआई सचिव जय भाई ने श्रीलंका सीरीज से तीन-चार दिन पहले मुझे फोन किया था. उन्होंने मुझे फोन करके बताया कि वो मुझे टी20 टीम का कप्तान बना रहे हैं. जय शाह ने ही सबसे पहले मुझे फोन किया था.'
हालांकि सूर्या ने आगे बताया कि उन्हें यह यकीन था कि उस समय रोहित भाई और अजीत भाई ही सब कुछ प्लान कर रहे थे. गौतम भाई बाद में आए. उन्होंने राहुल सर (तत्कालीन कोच राहुल द्रविड़) के साथ मिलकर जय भाई से इस बारे में चर्चा की. फिर उन्होंने तय किया कि आगे चलकर भारत की कप्तानी मुझे ही करनी चाहिए.'
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सूर्यकुमार यादव जब से टीम इंडिया के कप्तान बने हैं तब से भारत एक भी सीरीज नहीं हारी है. सूर्यकुमार ने कुल 52 मैचों में भारत के लिए कप्तानी की है, जिसमें से 42 मैचों में उन्हें सफलता मिली है. इस दौरान उनका जीत प्रतिशत 80 से ज्यादा रहा है.