menu-icon
India Daily

लखनऊ में स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव का ग्रैंड रिसेप्शन, CM योगी ने दिया आशीर्वाद; गौतम गंभीर सहित कई दिग्गज हुए शामिल

लखनऊ में आयोजित स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के रिसेप्शन में सीएम योगी ने शिरकत की. इस दौरान सीएम योगी ने कुलदीप व उनकी पत्नी वंशिका सिंह को आशीर्वाद दिया.

Anuj
Edited By: Anuj
लखनऊ में स्टार क्रिकेटर कुलदीप यादव का ग्रैंड रिसेप्शन, CM योगी ने दिया आशीर्वाद; गौतम गंभीर सहित कई दिग्गज हुए शामिल
Courtesy: X

लखनऊ: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी के बाद मंगलवार को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया. इस खास मौके पर खेल और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई. कुलदीप ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ उत्तराखंड के मसूरी में पारिवारिक माहौल में शादी की थी.

रिसेप्शन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे. उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात की. कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया.  

क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों ने की शिरकत

इस आयोजन में क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों ने भी शिरकत की. भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर, युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, पूर्व ओपनर शिखर धवन और ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अपनी पत्नियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे. मेहमानों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया और होटल पहुंचते ही फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया. 

चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था

इस भव्य समारोह को लेकर करीब 900 से अधिक मेहमानों को आमंत्रित किया गया था. खास मेहमानों की सुविधा के लिए चार चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था की गई थी. वहीं, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होटल परिसर में कड़े इंतजाम किए गए थे. बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की तैनाती के साथ पूरे कार्यक्रम की निगरानी की गई, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

कानपुर में भव्य स्वागत

शादी के बाद जब कुलदीप यादव अपने गृह नगर कानपुर पहुंचे थे, तब उनका भव्य स्वागत किया गया. घर के बाहर रेड कारपेट बिछाया गया था और बैंड-बाजे के साथ उनका स्वागत हुआ. कुलदीप अपनी पत्नी के साथ लग्जरी कार में सीधे घर पहुंचे. हालांकि, इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी.