नई दिल्ली: IPL 2026 की उल्टी गिनती शुरु हो चुकी है. लीग को शुरु होने में महज चंद दिन ही शेष रह गए हैं. आईपीएल का आगाज 28 मार्च से हो जाएगा. लेकिन लीग शुरु होने से पहले भारत के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने एक बड़ा खुलास किया है. पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले चहल ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डी विलियर्स के साथ एक हालिया पॉडकास्ट में अपने निजी जीवन के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने आगामी आईपीएल 2026 की तैयारी के चलते शराब का सेवन बंद कर दिया है.
भारत के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल आईपीएल के नए संस्करण से पहले ही इसकी तैयारियों में जुट गए हैं. उन्होंने अपनी आईपीएल तैयारियों का जिक्र करते हुए यह बताया कि उन्होंने आईपीएल 2026 के लिए शराब का सेवन बंद कर दिया है.
चहल ने एबी डी विलियर्स के पॉडकास्ट में कहा कि, 'मैंने शराब पीना छोड़ दिया है और छह महीने से ज्यादा हो गए हैं. अब मैं 35 साल का हो गया हूं, इसलिए मैं ज्यादा सक्रिय रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए अपना 150% देना चाहता हूं. एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर, मैं चाहता हूं कि आईपीएल में लोग मुझसे भी कुछ सीखें.' अनुभवी क्रिकेटर ने बताया कि वह न केवल खिताब जीतना चाहते हैं, बल्कि बेहतर फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ सीजन में उतरना चाहते हैं.
चहल ने आगे कहा कि वह पिछले सीजन में अपनी खुद की परफॉर्मेंस से निराश थे. चहल ने एबी को बताया कि, 'मैं खुद से थोड़ा निराश था. केकेआर के खिलाफ मैच के बाद मेरी पसली में फ्रैक्चर हो गया था, और बाद में मेरी उंगली के जोड़ में भी चोट लग गई. इसलिए सेमीफाइनल और फाइनल में मैं अपनी सही लेग-स्पिन गेंदबाजी नहीं कर पाया. इस साल मैं सबसे पहले अपने शरीर का ख्याल रखना चाहता हूं.'
अगर इससे पहले चहल के पिछले आईपीएल संस्करण पर एक नजर डाले तो वह कुछ खास नहीं था. आईपीएल 2025 में चहल का प्रदर्शन बेहद औसत दर्जे का रहा. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल युजवेंद्र चहल ने पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए कुल 14 मैच खेले हैं. जिसमें 13 पारियों में उन्होंने 26.87 की औसत और 9.55 की इकॉनमी से महज 16 विकेट चटकाए थे.