menu-icon
India Daily

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज देखने वालों के लिए खुशखबरी, दोनों मैचों में फ्री एंट्री

श्रीलंका क्रिकेट ने भारत के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए गॉल और कोलंबो में दर्शकों को मुफ्त एंट्री देने का फैसला किया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज देखने वालों के लिए खुशखबरी, दोनों मैचों में फ्री एंट्री
Courtesy: X

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज को लेकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर आई है. श्रीलंका क्रिकेट ने गॉल और कोलंबो में खेले जाने वाले दोनों टेस्ट मैचों के लिए दर्शकों की मुफ्त एंट्री का ऐलान किया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग स्टेडियम पहुंचकर टेस्ट क्रिकेट का आनंद ले सकें.

दर्शकों के लिए मुफ्त एंट्री

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भारत के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज को खास बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है. बोर्ड ने तय किया है कि दोनों टेस्ट मैचों के दौरान आम दर्शकों से किसी तरह का टिकट शुल्क नहीं लिया जाएगा. पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान में होगा. यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है.

इन गेटों से मिलेगी एंट्री

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीलंका क्रिकेट ने दोनों स्टेडियमों के लिए अलग-अलग एंट्री गेट तय किए हैं. गॉल टेस्ट के दौरान दर्शक गेट नंबर 4 से स्टेडियम में प्रवेश कर सकेंगे. वहीं कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए गेट नंबर 3, 4, 5 और 7 खोले जाएंगे. इस पहल का मकसद सिर्फ स्टेडियम भरना नहीं है, बल्कि युवाओं को टेस्ट क्रिकेट के करीब लाना और परिवारों को एक साथ मैच देखने का मौका देना भी है. हाल के वर्षों में टेस्ट क्रिकेट में दर्शकों की संख्या कम हुई है, इसलिए श्रीलंका क्रिकेट चाहता है कि मैदान फिर से उत्साह और पारंपरिक 'पापारे' संगीत की आवाज से गूंज उठें.

वॉर्म-अप मैच में भारतीय गेंदबाजों ने दिखाई दमदार वापसी

सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम ने कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) मैदान पर श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेलना शुरू किया. कप्तान शुभमन गिल दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में हल्की चोट के कारण यह मुकाबला नहीं खेल सके, जिसके बाद केएल राहुल ने टीम की कप्तानी संभाली. पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका इलेवन को निशान मदुष्का और रविंदु रसंथा की अर्धशतकीय पारियों से अच्छी शुरुआत मिली. हालांकि लंच के बाद भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने शानदार वापसी की. रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने दो-दो विकेट लेकर मेजबान टीम को दबाव में ला दिया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने आठ विकेट पर 363 रन बनाए.