श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. कप्तान शुभमन गिल अभ्यास के दौरान उंगली में चोट लगने के कारण वॉर्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे. भारतीय टीम प्रबंधन ने जोखिम लेने के बजाय उन्हें आराम देने का फैसला किया और केएल राहुल को कप्तानी सौंपी.
भारतीय कप्तान शुभमन गिल को गुरुवार को कोलंबो में अभ्यास सत्र के दौरान दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लगी. तेज गेंदबाज गुरनूर बरार की गेंद सीधे उनकी उंगली पर लगी, जिसके बाद टीम के फिजियो ने तुरंत उनका इलाज किया. इसके बाद गिल ने दोबारा बल्लेबाजी की लेकिन बाद में स्लिप कैचिंग अभ्यास के दौरान फिर उसी हाथ पर गेंद लग गई. इसके बाद उन्हें बर्फ से सिकाई करनी पड़ी. बीसीसीआई ने बताया कि फिलहाल कोई गंभीर चोट नहीं मिली है और मेडिकल टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
शुक्रवार को श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच शुरू होने से पहले टीम प्रबंधन ने गिल को आराम देने का फैसला किया. टॉस के समय यह साफ कर दिया गया कि उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी करेंगे. बीसीसीआई ने भी आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि गिल को सिर्फ एहतियात के तौर पर पहले दिन मैदान से दूर रखा गया है. भारत पहले से कई खिलाड़ियों की चोट से परेशान है, इसलिए टीम किसी भी तरह का अतिरिक्त जोखिम नहीं लेना चाहती. आने वाले दिनों में उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रखी जाएगी.
Update: Captain Shubman Gill sustained an impact injury to his right ring finger during India's practice on Thursday. As a precautionary measure, he will not take the field on Day 1 of the warm-up game against SLC XI. The BCCI Medical Team is monitoring his progress.
— BCCI (@BCCI) August 7, 2026
KL Rahul… https://t.co/Mzu2yW4OgX
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा. ऐसे में शुभमन गिल का पूरी तरह फिट होना टीम के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है. हाल के समय में उनका टेस्ट प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों में 1109 रन बनाए हैं और छह शतक भी लगाए हैं. श्रीलंका की स्पिन वाली पिचों पर यह वॉर्म-अप मैच उनके लिए तैयारी का अच्छा मौका था लेकिन चोट के कारण शुरुआत में ही उन्हें बाहर बैठना पड़ा. भारतीय टीम को उम्मीद है कि गिल जल्द फिट होकर पहले टेस्ट से पहले पूरी तरह तैयार हो जाएंगे.