menu-icon
India Daily

IPL 2025 के बाद श्रेयस अय्यर का एक बार फिर से टूटा दिल, इस टूर्नामेंट के फाइनल में टीम को मिली हार

T20 League Mumbai 2025: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2025 के फाइनल में पहुंची लेकिन टीम ट्रॉफी नहीं जीत सकी. इसके अलावा अब अय्यर की टीम को टी-20 लीग मुंबई 2025 के फाइनल में भी हार का सामना करना पड़ा है.

mishra
IPL 2025 के बाद श्रेयस अय्यर का एक बार फिर से टूटा दिल, इस टूर्नामेंट के फाइनल में टीम को मिली हार
Courtesy: Social Media

T20 League Mumbai 2025: श्रेयस अय्यर के लिए 2025 का साल निराशाओं भरा रहा. IPL 2025 के फाइनल में हार के बाद अब टी20 मुंबई लीग के पहले संस्करण में भी उनकी टीम, सोबो मुंबई फाल्कन्स, फाइनल में हार गई. 12 जून को वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने अय्यर की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया. यह हार अय्यर के लिए एक और बड़ा झटका साबित हुई.

इससे पहले 3 जून को अहमदाबाद में खेले गए IPL 2025 के फाइनल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स को रजत पाटीदार की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने मात दी थी. पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद पंजाब किंग्स फाइनल में दबाव में बिखर गई थी. 

फाइनल में फाल्कन्स की हार

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 मुंबई लीग के फाइनल में साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. सोबो मुंबई फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रनों का स्कोर खड़ा किया. मयूरेश टंडेल (32 गेंदों में 50 रन) और हर्ष अघाव (28 गेंदों में 45 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 85 रनों की साझेदारी की, लेकिन यह स्कोर जीत के लिए काफी नहीं था. 

जवाब में, साउथ सेंट्रल ने सिद्धेश लाड की कप्तानी में 158 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में हासिल कर लिया और खिताब अपने नाम किया. इस हार के बाद भारत के ODI कप्तान रोहित शर्मा, जो इस लीग के ब्रांड एम्बेसडर थे, ने निराश दिख रहे अय्यर को रनर-अप चेक सौंपा.

अय्यर ने दिखाया सकारात्मक रवैया

हार के बाद श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा, "हार के बाद दिमाग में बहुत कुछ चलता है, खासकर जब आप इतने बड़े मुकाबले में हारते हैं. लेकिन मैं किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार नहीं ठहराना चाहता. पूरी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल तक सिर्फ एक मैच हारे. यह एक खराब दिन था, लेकिन हमें इससे बहुत कुछ सीखने को मिला."

उन्होंने आगे कहा, "हार से दुख होता है, लेकिन मेरे खिलाड़ियों को अपनी मेहनत पर गर्व करना चाहिए. अगले साल जब हम वापस आएंगे, तो यह अनुभव हमें और मजबूत बनाएगा."