दलीप ट्रॉफी की शुरुआत 5 सिंतबर से होने वाली है. टीम इंडिया कई बड़े स्टार इस टूर्नामेंट में खेलेंगे. इसके शुरुआत से ठीक पहले इंडिया-A टीम के लिए बुरी खबर है. टीम का मेन गेंदबाज चोटिल हो गया है. इंडिया-A के कप्तान शुभमन गिल हैं. दरअसल, तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा पहले दौर के मुकाबले से बाहर हो गए हैं. वो मैच फिट नहीं हो पाए हैं. टीम के कप्तान शुभमन गिल ने यह जानकारी दी है.
प्रसिद्ध कृष्णा हाल ही में संपन्न हुई केएससीए महाराजा ट्रॉफी टी-20 में नहीं खेल पाए थे. उम्मीद थी कि दलीप ट्रॉफी में खेलेंगे. कप्तान गिल ने अपडेट देते हुए कहा कि अभी प्लेइंग इलेवन तय नहीं हुई है, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं. यानी की कृष्णा शुरुआती मैच में नहीं खेलेंगे.
कृष्णा इस साल फरवरी में सर्जरी के बाद से ही रिकवरी कर रहे हैं. वह इस समय बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रिहैब कर रहे हैं. इस चोट के कारण वह इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का पूरा सीजन भी नहीं खेल पाए थे.
प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरी प्रथम श्रेणी मैच जनवरी 2024 में खेला था. उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 15 मैच खेले, जिसमें 19.41 की औसत के साथ 58 विकेट लिए हैं. वहीं 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 2 टेस्ट, 17 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में टीम इंडिया की जर्सी पहनी है.