menu-icon
India Daily

हैदराबाद के विजय रथ को RCB ने रोका, लगातार 6 हार के बाद नसीब हुई जीत

RCB vs SRH: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हैदराबाद को उसके घर में पटखनी दी है. आरसीबी की जीत के हीरो रहे यश दयाल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए SRH तीन बल्लेबाजों को पवेलियन का भी रास्ता दिखाया.

India Daily Live
हैदराबाद के विजय रथ को RCB ने रोका,  लगातार 6 हार के बाद नसीब हुई जीत

RCB vs SRH: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार छह हार के बाद आखिरकार मैच जीत लिया. फाफ की सेना ने पूरे सीजन में डॉमिनेटिंग टीम रही सनराइजर्स हैदराबाद को 35 रन से पटखनी दे दी. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने हैदराबाद के सामने 207 रनों का लक्ष्य रखा था. प्वाइंट टेबल में तीसरे नंबर की टीम आज अपनी लय खोती नजर आई और 8 विकेट के नुकसान पर मात्र 171 रन ही बना सकी. 

 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की टीम ने तीन रन के स्कोर पर ही आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड का विकेट गंवा दिया. ट्रेविस के आउट होते ही पूरे स्टेडियम में सन्नाटा छा गया. इस सीजन में ट्रेविस ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को आकर्षित किया है. ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने हेड के आउट होने के बाद पारी को तेजी से बढ़ाया लेकिन वे 31 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए. उन्होंने 13 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली जिसमें 3 चौके और दो छक्के लगाए. SRH के बल्लेबाज आज लय में नजर नहीं आए. कप्तान कमिंस ने भी 15 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में नाकामयाब रहे. शहबाज अहमद ने हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रनों की पारी खेली. उन्होंने 37 गेंदों की मदद से 40 रन बनाए. 

 

RCB ने SRH को हराकर इस आईपीएल सीजन की अपनी दूसरी जीत हासिल की. बेंगलुरु की टीम ने इससे पहले पंजाब को चार विकेट से हराया था. आरसीबी ने एक सीजन में लगातार हारने के अपने ही बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. बेंगलूरु की टीम इससे पहले साल 2017 में लगातार 6 मैच हारी थी. 2018-19 में RCB लगातार 7 मैच हारने का रिकॉर्ड बना चुकी है.