नई दिल्ली: वर्तमान समय में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. चयनकर्ता ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंप दी है. जिसके बाद से अब सोशल मीडिया पर एक बहस सी छिड़ गई है.
कुछ लोगों का कहना है कि सेलेक्टर्स ने सही कदम उठाया है जबकि कुछ लोग अय्यर को टीम का कप्तान बनाने के फैसले को गलत बता रहे हैं. इसी कड़ी में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ने भी बोर्ड के इस फैसले को गलत बताया है. उनका मनना है कि जो खिलाड़ी टीम का ही हिस्सा नहीं था उसे अचानक टीम की कमान कैसे सौंपी जा सकती है.
दरअसल भारत के पूर्व स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि वह श्रेयस अय्यर का बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन कप्तानी को लेकर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उनके मुताबिक, जो खिलाड़ी हाल के समय में टी20 टीम का नियमित हिस्सा नहीं रहा, उसे सीधे नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपना समझ से परे है.
अश्विन का मानना है कि किसी भी सफल टीम के लिए निरंतरता और स्पष्ट रणनीति बेहद अहम होती है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के चयन और नेतृत्व से जुड़े फैसलों में स्थिरता दिखाई देनी चाहिए. स्थिरता के नजरिए से अय्यर का चयन गलत है.
बता दें आज दोपहर एक बजे BCCI आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर सकती है. माना जा रहा है कि इसमें श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो लंबे समय बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी करने वाले अय्यर सीधे कप्तान की भूमिका में नजर आएंगे.
हालांकि अश्विन ने सवाल जरूर उठाए हैं, लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी उपलब्धियों पर कोई संदेह नहीं है. उन्होंने IPL में कई टीमों का सफल नेतृत्व किया है. दिल्ली कैपिटल्स को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने से लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने और पंजाब किंग्स को फाइनल तक ले जाने तक, उन्होंने कप्तान के रूप में अपनी क्षमता साबित की है.