menu-icon
India Daily

क्रिकेट फैंस की मुराद होगी पूरी? अब सिर्फ ICC टूर्नामेंट नहीं सीरीज में भी भिड़ेंगे IND vs PAK... ICC का बड़ा प्लान

ICC भारत और पाकिस्तान के बीच ज्यादा व्हाइट-बॉल मुकाबले कराने की दिशा में ट्राई सीरीज या क्वाड्रेंगुलर टूर्नामेंट का प्रस्ताव रख सकता है. 22-23 सितंबर की बैठक में इस पर चर्चा संभावित है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
क्रिकेट फैंस की मुराद होगी पूरी? अब सिर्फ ICC टूर्नामेंट नहीं सीरीज में भी भिड़ेंगे IND vs PAK... ICC का बड़ा प्लान
Courtesy: ANI

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का इंतजार फैंस हमेशा करते हैं. इंडिया-पाकिस्तान मैच का लुत्फ केवल इन दोनों देशों में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में देखना पसंद किया जाता है. दोनों टीमें फिलहाल सिर्फ ICC और ACC टूर्नामेंट में आमने-सामने आती हैं. अब ICC इस मुकाबले को ज्यादा बार कराने के विकल्प तलाश रही है. इसके लिए ट्राई सीरीज और चार टीमों वाली क्वाड्रेंगुलर सीरीज का विचार सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर में होने वाली फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है.

ICC फिर शुरू करना चाहती है पुराना फॉर्मेट

क्रिकेट में ट्राई सीरीज और क्वाड्रेंगुलर टूर्नामेंट का दौर काफी समय से दिखाई नहीं देता. ICC अब व्हाइट-बॉल क्रिकेट में इन फॉर्मेट को वापस लाने की योजना पर विचार कर रही है. ट्राई सीरीज में तीन टीमें हिस्सा लेती हैं, जबकि क्वाड्रेंगुलर में चार टीमों के बीच मुकाबले होते हैं. इसका मकसद वनडे क्रिकेट को नया आकर्षण देना और बड़े मुकाबलों की संख्या बढ़ाना बताया जा रहा है.

22-23 सितंबर को होगी अहम बैठक

पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC की F्यूचर टूर्स प्रोग्राम से जुड़ी बैठक 22 और 23 सितंबर को दुबई में होनी है. इसमें 12 टेस्ट खेलने वाले देशों के साथ आठ एसोसिएट सदस्य भी शामिल होंगे. इसी बैठक में ICC, BCCI के सामने भारत-पाकिस्तान को ऐसे टूर्नामेंट में शामिल करने का प्रस्ताव रख सकती है. हालांकि, भारत की ओर से तुरंत मंजूरी मिलने की संभावना नहीं है.

BCCI को सरकार से लेनी होगी अनुमति

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट को लेकर BCCI को सरकार की अनुमति की जरूरत होती है. मौजूदा स्थिति में टीम इंडिया को पाकिस्तान के खिलाफ केवल ICC और ACC टूर्नामेंट में खेलने की मंजूरी है. ऐसे में किसी नई ट्राई सीरीज के लिए BCCI को पहले सरकार से अनुमति लेनी होगी. यही वजह है कि इस प्रस्ताव के सामने आने के बावजूद भारत का रुख फिलहाल साफ नहीं माना जा रहा है.

क्वाड्रेंगुलर में बढ़ सकती है उम्मीद

क्वाड्रेंगुलर टूर्नामेंट को मल्टी-नेशन इवेंट के तौर पर देखा जा सकता है, इसलिए इसमें भारत-पाकिस्तान मुकाबले की संभावना ट्राई सीरीज से ज्यादा मानी जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI चाहेगा कि ऐसी सीरीज में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमें भी शामिल हों. इससे मुकाबले का रोमांच बढ़ सकता है. ICC वनडे क्रिकेट में घटती दिलचस्पी को देखते हुए इस फॉर्मेट को दोबारा लोकप्रिय बनाने की कोशिश कर रही है.