रणजी ट्रॉफी के अगले सीजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और इस कड़ी में हैदराबाद ने कदम बढ़ा दिया है. इतना ही नहीं हैदराबाद ने अपनी टीम की कमान भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को सौंप दी है. हैदराबाद क्रिकेट असोसिएशन की सीनियर चयन समिति ने उन्हें 2026-27 सीजन के लिए कप्तान चुना है. सिराज के साथ चमा मिलिंद उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे. टीम एलीट ग्रुप बी में है और उसका पहला मुकाबला त्रिपुरा से होगा. टूर्नामेंट की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी.
मोहम्मद सिराज ने पिछले रणजी सीजन के अंतिम दो मुकाबलों में हैदराबाद की कप्तानी की थी. अब एचसीए ने उन्हें पूरे रेड बॉल सीजन के लिए यह जिम्मेदारी दी है. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, चयन समिति ने शुक्रवार को उनके नाम पर मुहर लगाई. यह कप्तान के तौर पर सिराज का पहला पूरा सीजन होगा, जिसमें उन्हें टीम को लगातार बेहतर प्रदर्शन की दिशा में ले जाना होगा.
सिराज ने पिछले सत्र में राहुल सिंह की जगह कप्तानी संभाली थी. उनकी अगुवाई में हैदराबाद को मुंबई के खिलाफ 9 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी, जबकि छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा था. यानी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कप्तान के रूप में सिराज अभी तक टीम को जीत नहीं दिला सके हैं. इस बार उनके पास उस रिकॉर्ड को बदलने का मौका रहेगा.
हैदराबाद ने सिराज के साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चमा मिलिंद को उपकप्तान बनाया है. टीम एलीट ग्रुप बी में अपने अभियान की शुरुआत त्रिपुरा के खिलाफ करेगी. सिराज के लिए यह जिम्मेदारी इसलिए भी अहम है क्योंकि भारतीय टेस्ट टीम के साथ खेलने का उन्हें लंबा अनुभव है. अब घरेलू क्रिकेट में उन्हें गेंदबाजी के साथ नेतृत्व क्षमता का भी प्रदर्शन करना होगा.
सिराज ने हैदराबाद के लिए अब तक 21 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं और उनके नाम 83 विकेट हैं. गेंदबाज के तौर पर उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है, लेकिन कप्तानी में उन्हें अभी खुद को साबित करना बाकी है. पूरे सीजन की जिम्मेदारी मिलने से उनके पास टीम को आगे बढ़ाने का बड़ा अवसर है. इस दौरान उनकी रणनीति, फैसले और मैदान पर नेतृत्व क्षमता पर नजर रहेगी.