menu-icon
India Daily

तीनों बल्लेबाज एक ही तरह आउट, मानव सुथार ने रचा 131 साल पुराना इतिहास

भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी क्रिकेट में इतिहास रच दिया. उन्होंने ग्लेमर्गन के खिलाफ 15 गेंदों में बिना रन दिए तीन विकेट लिए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
तीनों बल्लेबाज एक ही तरह आउट, मानव सुथार ने रचा 131 साल पुराना इतिहास
Courtesy: X

Manav Suthar : इंग्लैंड की धरती पर भारतीय स्पिनर मानव सुथार ने ऐसा प्रदर्शन किया, जो प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बेहद कम देखा जाता है. कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में वॉरविकशायर से खेलते हुए सुथार ने ग्लेमर्गन के खिलाफ दोनों पारियों में 15 गेंदें डालीं और एक भी रन दिए बिना तीन विकेट हासिल किए.

131 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

मानव सुथार ने ग्लेमर्गन के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में खास जगह बना ली. उन्होंने कुल 15 गेंदों में तीन विकेट झटके और इस दौरान एक भी रन या अतिरिक्त रन नहीं दिया. सबसे खास बात यह रही कि तीनों बल्लेबाज क्लीन बोल्ड होकर लौटे. बिना रन दिए तीन विकेट लेने का यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सिर्फ दूसरा मामला है. इससे पहले 1895 में इंग्लैंड के टॉम हेवर्ड ने द ओवल में सरे की ओर से लेस्टरशायर के खिलाफ छह गेंदों में यह कारनामा किया था.

वॉरविकशायर की बड़ी जीत में अहम भूमिका

तेज गेंदबाजों के लिए मददगार कार्डिफ की पिच पर सुथार को निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी समेटने के लिए इस्तेमाल किया गया. भारतीय स्पिनर ने मिले मौके को शानदार तरीके से भुनाया. उनके प्रदर्शन के साथ टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी अच्छा खेल दिखाया. वॉरविकशायर ने चौथे दिन ग्लेमर्गन को पारी और 257 रन से हरा दिया. इस जीत के बाद टीम 12 मैचों में 184 अंक के साथ डिवीजन वन की अंक तालिका में फिलहाल शीर्ष पर पहुंच गई. सुथार इस सीजन की सात पारियों में 22.80 की औसत से 21 विकेट ले चुके हैं.

कप्तान ने सुथार की जमकर तारीफ की

वॉरविकशायर के कप्तान एड बर्नार्ड ने टीम की जीत और सुथार के प्रदर्शन पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि मैच का अंत असाधारण रहा और गेंदबाजों ने बेहद सटीक तथा अनुशासित गेंदबाजी की. बर्नार्ड के मुताबिक टीम ने पूरे मुकाबले में आक्रामक रवैया बनाए रखा. उन्होंने यह भी कहा कि अंक तालिका में सबसे ऊपर पहुंचना रोमांचक है लेकिन अभी दो अहम मैच बाकी हैं. कप्तान ने अपनी गेंदबाजी इकाई को मजबूत बताया और सुथार को विश्वस्तरीय स्पिनर बताते हुए टीम के लिए उनकी अहमियत भी बताई.