menu-icon
India Daily

Mbappe के एक गोल ने खत्म किया Paraguay का सपना, France ने Quarter Final में मारी एंट्री

फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने पैराग्वे को 1-0 से हराकर लगातार चौथी बार क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Mbappe के एक गोल ने खत्म किया Paraguay का सपना, France ने Quarter Final में मारी एंट्री
Courtesy: Grok

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण में फ्रांस ने एक बार फिर अपनी मजबूती साबित करते हुए पैराग्वे को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया. मुकाबला बेहद कड़ा रहा और दोनों टीमों के बीच लंबे समय तक गोल नहीं हो सका. भीषण गर्मी में खेले गए इस मुकाबले का फैसला आखिरकार कप्तान किलियन म्बाप्पे ने किया. उन्होंने 70वें मिनट में मिले पेनल्टी मौके को गोल में बदलते हुए फ्रांस को लगातार चौथी बार विश्व कप के अंतिम आठ में पहुंचा दिया. अब टीम की अगली चुनौती मोरक्को होगी.

म्बाप्पे ने फिर निभाई कप्तान की जिम्मेदारी

पैराग्वे की मजबूत रक्षापंक्ति ने शुरुआती 69 मिनट तक फ्रांस को कोई मौका नहीं दिया. लेकिन 70वें मिनट में मिले पेनल्टी किक पर किलियन म्बाप्पे ने शानदार गोल दाग दिया. यह विश्व कप में उनके करियर का 19वां गोल रहा, जिसने फ्रांस को नॉकआउट मुकाबले में बढ़त दिलाई और अंत तक यही गोल निर्णायक साबित हुआ.

भीषण गर्मी में खिलाड़ियों की हुई कड़ी परीक्षा

मैच के दौरान तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और पूरे मुकाबले में अत्यधिक गर्मी की चेतावनी लागू रही. कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों टीमों ने शानदार संघर्ष दिखाया. पैराग्वे ने शारीरिक खेल और मजबूत डिफेंस से फ्रांस को लंबे समय तक रोके रखा, लेकिन आखिर में म्बाप्पे का गोल अंतर पैदा कर गया.

लगातार चौथी बार अंतिम आठ में पहुंचा फ्रांस

इस जीत के साथ फ्रांस ने लगातार चौथी बार फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. टीम ने दबाव भरे मुकाबले में धैर्य बनाए रखा और सही समय पर मिले अवसर का पूरा फायदा उठाया. फ्रांस का प्रदर्शन एक बार फिर खिताब के प्रमुख दावेदारों में उसकी स्थिति को मजबूत करता है.

अब मोरक्को से होगी अगली टक्कर

क्वार्टर फाइनल में फ्रांस का मुकाबला अमेरिका के फॉक्सबोरो, मैसाचुसेट्स में मोरक्को से होगा. दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला विश्व कप के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल माना जा रहा है. फ्रांस अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा.

दोनों टीमों की शुरुआती प्लेइंग इलेवन

फ्रांस की टीम में माइक मेन्यां, जूल्स कुंडे, दायोत उपामेकानो, विलियम सलीबा, लुकास डिग्ने, मानु कोने, एड्रियन राबियो, उस्मान डेम्बेले, माइकल ओलिसे, ब्रैडली बारकोला और कप्तान किलियन म्बाप्पे शामिल रहे. वहीं पैराग्वे ने ऑरलैंडो गिल, गुस्तावो गोमेज, उमर आल्देरेते, मिगुएल अल्मिरोन, डिएगो गोमेज और जूलियो एनसिसो जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जताया.