अमेरिका ने 4 जुलाई को अपने 250वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया. राजधानी वॉशिंगटन डीसी से लेकर न्यूयॉर्क तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. इस खास मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की ताकत, उपलब्धियों और बढ़ती देशभक्ति का जिक्र किया. वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि 250 साल पहले रखी गई लोकतंत्र और स्वतंत्रता की नींव आज भी अमेरिका की सबसे बड़ी पहचान बनी हुई है.
250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका आज पहले से कहीं अधिक मजबूत स्थिति में है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि देश के प्रति लोगों का प्यार और गर्व लगातार बढ़ रहा है. ट्रंप ने यह भी कहा कि वॉशिंगटन डीसी में गर्मी की आशंका के बावजूद बड़ी संख्या में लोग स्वतंत्रता दिवस के समारोह में शामिल हुए और पूरे जोश के साथ जश्न मनाया.
.@POTUS: "In 250 Years, the Free People of this land have accomplished more with our Liberty than any other society has accomplished even in thousands and thousands of years... What our critics will never understand is that America is not the sum of its mistakes. Our mistakes… pic.twitter.com/CEgfN7WrwL
— Rapid Response 47 (@RapidResponse47) July 4, 2026
ट्रंप ने इस बार आयोजित एयर शो को अब तक का सबसे शानदार बताया. उन्होंने अमेरिकी वायुसेना के पायलटों और आधुनिक लड़ाकू विमानों की सराहना करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों ने देश की सैन्य क्षमता और तकनीकी ताकत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया. अपने संदेश के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमेरिका की उपलब्धियां ही उसकी सबसे बड़ी पहचान हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि अमेरिका केवल अपनी गलतियों से नहीं बना है. उन्होंने कहा कि गलती करना इंसानी स्वभाव है, लेकिन देश की उपलब्धियां ही उसे दुनिया में अलग पहचान देती हैं. उनके मुताबिक, अमेरिका की सफलता और उसकी विरासत ही उसे असाधारण राष्ट्र बनाती है.
उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने न्यूयॉर्क हार्बर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 1776 की डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जीवन, स्वतंत्रता और खुशियों की तलाश जैसे सिद्धांत आज भी हर अमेरिकी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. उनके अनुसार, 250 साल बाद भी यही विचार अमेरिका की राष्ट्रीय पहचान और लोकतांत्रिक मूल्यों की नींव बने हुए हैं.
वेंस ने कहा कि अमेरिकी क्रांति कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि लंबे समय से विकसित हो रहे लोकतांत्रिक और सभ्यतागत मूल्यों का परिणाम थी. उन्होंने याद दिलाया कि जब जॉर्ज वॉशिंगटन ने अपने सैनिकों को स्वतंत्रता घोषणा पढ़कर सुनाई थी, तब वे उसके महत्व को भली भांति समझते थे. उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज आम लोगों और उन सैनिकों के लिए तैयार किया गया था, जिन्होंने नए राष्ट्र की नींव रखी.
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित कार्यक्रम में ट्रंप ने माउंट रशमोर पर जॉर्ज वॉशिंगटन, थॉमस जेफरसन, अब्राहम लिंकन और थियोडोर रूजवेल्ट को अमेरिका के महान नेताओं के रूप में याद किया. उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने देश को आजादी और मजबूती की दिशा दी. ट्रंप ने अमेरिका को मानव इतिहास का सबसे असाधारण देश बताते हुए कहा कि उनकी सरकार संस्थापकों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.
व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ का उत्सव केवल 4 जुलाई तक सीमित नहीं रहेगा. यह कार्यक्रम मेमोरियल डे 2025 से शुरू हो चुका है और पूरे 2026 तक विभिन्न आयोजनों के साथ जारी रहेगा. इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के अलावा निजी कंपनियां, शैक्षणिक संस्थान, गैर सरकारी संगठन और आम नागरिक भी भाग ले रहे हैं, ताकि 250 साल की आजादी का उत्सव पूरे देश में मनाया जा सके.