नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 18वें मुकाबले में आज एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) संजू सैमसन के नाम रहा. पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे इस रोमांचक मैच में संजू सैमसन ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड होकर चेन्नई की पीली जर्सी में आए सैमसन का बल्ला शुरुआती मैचों में भले ही खामोश रहा हो, लेकिन आज उन्होंने अपनी पुरानी लय हासिल करते हुए सीजन का पहला सैकड़ा ठोक दिया.
संजू सैमसन ने दिल्ली के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. अपनी इस आतिशी पारी के दौरान उन्होंने 13 शानदार चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े. यह संजू के आईपीएल करियर का चौथा शतक है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह उनकी पहली शतकीय पारी है. इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी शतक जड़ चुके हैं.
इस शतक के साथ ही संजू सैमसन आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे आगे अब केवल विराट कोहली (8), जोस बटलर (7), क्रिस गेल (6) और केएल राहुल (5) ही हैं. संजू ने अब डेविड वार्नर, शुभमन गिल और शेन वॉटसन जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम इस लीग में 4-4 शतक दर्ज हैं.
सैमसन के बल्ले से यह शतक पूरे पांच साल के लंबे इंतजार के बाद आया है. इससे पहले उन्होंने साल 2021 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 119 रनों की पारी खेली थी. संजू आज के मैच में 56 गेंदों पर 15 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 115 रन बनाकर नाबाद रहे, जो उनके करियर का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. उनकी इस पारी की बदौलत चेन्नई ने 20 ओवर में केवल 2 विकेट खोकर 212 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया.
दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई के किसी बल्लेबाज द्वारा यह दूसरा ही शतक है. इससे पहले 2012 के क्वालीफाइंग मैच में मुरली विजय ने इसी मैदान पर 113 रन बनाए थे. आज संजू ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है.