नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन से पहले अपनी टीम में बड़े बदलाव करते हुए नया कप्तान घोषित कर दिया है. फ्रेंचाइजी ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए युवा ऑलराउंडर रियान पराग को टीम की कप्तानी सौंप दी है.
पिछले सीजन तक टीम की कमान संजू सैमसन के हाथों में थी. हालांकि, ट्रेड विंडो के तहत सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हो गए. वहीं, अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स से जुड़ गए.
इसके बाद माना जा रहा था कि अनुभवी खिलाड़ी रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी मिल सकती है. लेकिन टीम प्रबंधन ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए रियान पराग पर भरोसा जताया है. दरअसल, रियान पराग के पास कप्तानी का थोड़ा अनुभव पहले से है. आईपीएल 2025 सीजन में संजू सैमसन चोट के कारण कई मैचों में नहीं खेल पाए थे. उस दौरान टीम की कमान पराग ने संभाली थी. उन्होंने कुल 8 मैचों में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी.
Royals fam, it’s time to get behind your new Captain! 💪💗 pic.twitter.com/OjodsT0fu5
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) February 13, 2026Also Read
- T20 World Cup 2026: फिर संकट में भारत-पाक हाईवोल्टेज मुकाबला, मौसम विभाग ने जारी की तेज बारिश और तूफान की चेतावनी
- 'उसकी तकनीक ठीक नहीं', भारत-पाक महामुकाबले से पहले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर ने अभिषेक शर्मा को कह दिया 'स्लॉगर'
- टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10 जीत हासिल कर भारत ने रचा इतिहास, नामीबिया को 93 रनों से रौंदा
उस दौरान टीम का प्रदर्शन खास अच्छा नहीं रहा और 8 में से केवल 2 मैचों में ही जीत मिल सकी, जबकि 6 मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी. इसके बावजूद पराग ने कप्तान के रूप में बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था. इन मैचों में उनका औसत लगभग 38.5 रहा था. इसी दौरान उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार 95 रन की पारी खेली थी, जो उनके आईपीएल करियर का सर्वोच्च स्कोर भी है.
रियान पराग लंबे समय से राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे हैं. उन्हें पहली बार आईपीएल 2019 में खेलने का मौका मिला था और तब से वह लगातार इसी टीम के साथ जुड़े हुए हैं. पिछले कुछ सालों में उनके प्रदर्शन में काफी सुधार देखने को मिला है. खास तौर पर आईपीएल 2024 उनके लिए सबसे सफल सीजन रहा था. उस सीजन में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 52 से ज्यादा के औसत से 573 रन बनाए थे, जिससे वह टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हो गए थे.
अब तक के आईपीएल करियर की बात करे, तो रियान पराग 84 मैच खेल चुके हैं. इन मुकाबलों में उन्होंने 26 से अधिक के औसत से कुल 1566 रन बनाए हैं. वह केवल बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी में भी योगदान देते हैं. उन्होंने आईपीएल में अब तक 7 विकेट भी हासिल किए हैं.
राजस्थान रॉयल्स का यह फैसला भविष्य को ध्यान में रखकर लिया गया माना जा रहा है. फ्रेंचाइजी युवा खिलाड़ियों को नेतृत्व का मौका देकर नई टीम तैयार करना चाहती है. रियान पराग को कप्तान बनाए जाने से टीम को लंबे समय तक स्थिर नेतृत्व मिलने की उम्मीद है. अब आईपीएल 2026 में यह देखना दिलचस्प होगा कि युवा कप्तान के नेतृत्व में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन कैसा रहता है.