IPL 2025 Final: पंजाब किंग्स को फाइनल मुकाबले में मिलेगी हार? सुनील गावस्कर ने बताई सबसे बड़ी वजह
IPL 2025 Final: बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल मैच से पहले सुनील गावस्कर ने पंजाब को बड़ी चेतावनी दी है. उनका मानना है कि पंजाब को आराम करने का मौका नहीं मिला है, जो खिलाड़ियों पर असर डाल सकता है.
IPL 2025 Final: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का फाइनल मुकाबला आज, 3 जून 2025 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा. इस महामुकाबले से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने पंजाब किंग्स को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है.
सुनील गावस्कर का मानना है कि पंजाब किंग्स को फाइनल से पहले पर्याप्त आराम नहीं मिल पाया है. रविवार को क्वालीफायर 2 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत हासिल करने के बाद पंजाब के पास केवल एक दिन का समय था. गावस्कर ने कहा कि इतना कम समय खिलाड़ियों के शरीर को पूरी तरह ठीक होने के लिए काफी नहीं है. मुंबई के खिलाफ देर रात तक चले मैच ने पंजाब के खिलाड़ियों की शारीरिक और मानसिक थकान को बढ़ा दिया है.
RCB को मिला आराम का फायदा
इंडिया टुडे से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा, "पंजाब किंग्स को मुंबई के खिलाफ कठिन मैच के बाद सिर्फ 24 घंटे का समय मिला है. यह उनके लिए नुकसानदायक हो सकता है. क्योंकि शरीर को इतने कम समय में रिकवरी के लिए पर्याप्त आराम नहीं मिलता RCB की टीम चार दिन के आराम के बाद पूरी तरह तैयार है. उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों इस सीजन में शानदार रही हैं, और वे फाइनल में पूरी ताकत के साथ उतरेंगे."
स्टेडियम का अनुभव कितना मायने रखेगा?
RCB ने इस सीजन में इस मैदान पर एक भी मैच नहीं खेला. हालांकि, गावस्कर का मानना है कि यह अंतर ज्यादा मायने नहीं रखेगा. उन्होंने कहा "RCB की मौजूदा फॉर्म इतनी शानदार है कि स्टेडियम का अनुभव न होने का असर उन पर नहीं पड़ेगा. उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में गजब का संतुलन है."
दोनों टीमों का इतिहास
RCB चौथी बार IPL फाइनल में पहुंची है, लेकिन 2009, 2011 और 2016 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. दूसरी ओर, पंजाब किंग्स 2014 के बाद पहली बार फाइनल में पहुंची है. उस समय वे कोलकाता नाइट राइडर्स से हार गए थे. अब दोनों टीमें अपने पहले IPL खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी.
और पढ़ें
- IPL 2025 Final: बेंगलुरु का ट्रॉफी जीतने का टूट सकता है सपना, आईपीएल का ये नियम बनेगा राह का रोड़ा
- IPL 2025 Final: खिताबी जंग से पहले बेंगलुरु को लगा बड़ा झटका, फिल सॉल्ट फाइनल से हुए बाहर!
- IPL 2025 Final: पंजाब और बेंगलुरु के बीच पहले खिताब के लिए होगी टक्कर, कब-कहां और कैसे देखें श्रेयस-पाटीदार की जंग