IPL 2025: 'पंजाबी लोग ही पंजाब का सपोर्ट नहीं करते...', बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले से पहले अर्शदीप सिंह ने फैंस पर साधा निशाना

IPL 2025: अर्शदीप सिंह ने बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि फैंस को अपने राज्य की टीम को सपोर्ट करना चाहिए और मुकाबला देखने के लिए मैदान में आना चाहिए.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

IPL 2025: आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) शानदार प्रदर्शन के साथ पहली बार 2014 के बाद प्लेऑफ में पहुंची है. अब 29 मई को चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले क्वालीफायर में उनका मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा.

इस बड़े मुकाबले से पहले पंजाब के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने ही फैंस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अपनी टीम का समर्थन नहीं करते. बता दें कि इस बार श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने शानदार खेल दिखाया है और पहले क्वालीफायर में जगह बनाई है.

अर्शदीप सिंह का फैंस को संदेश

स्नैपचैट पर एक फैन के कमेंट का जवाब देते हुए अर्शदीप सिंह ने अपनी निराशा जाहिर की. उन्होंने कहा, "आपके समर्थन के लिए धन्यवाद. आप पंजाबी नहीं हैं, फिर भी पंजाब किंग्स का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन कई पंजाबी लोग अपनी टीम को सपोर्ट नहीं करते और दूसरी टीमों को पसंद करते हैं. मैं उनसे अपील करता हूं कि वे अपनी राज्य की टीम, पंजाब किंग्स का समर्थन करें और बड़ी संख्या में स्टेडियम में आकर हमें जीतते हुए देखें." अर्शदीप की इस अपील से साफ है कि वे चाहते हैं कि पंजाब के फैंस अपनी टीम के पीछे एकजुट हों.

पंजाब किंग्स का शानदार प्रदर्शन

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने इस सीजन में कमाल का खेल दिखाया है. टीम ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मैच जीते और 19 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रही. उनकी नेट रन रेट +0.372 रही, जो RCB की +0.301 से बेहतर थी. इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद अर्शदीप को लगता है कि पंजाब के फैंस से वह समर्थन नहीं मिल रहा, जिसकी उनकी टीम हकदार है.

अर्शदीप का गेंदबाजी में जलवा

अर्शदीप सिंह ने इस सीजन पंजाब के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है और वे सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं. उन्होंने 13 मैचों में 23 की औसत और 8.56 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट लिए हैं. उनकी गेंदबाजी ने पंजाब को कई मौकों पर अहम सफलता दिलाई है. अब क्वालीफायर में RCB के खिलाफ भी उनसे ऐसी ही धारदार गेंदबाजी की उम्मीद है.