menu-icon
India Daily

India vs PaK Match Row: शाहिद अफरीदी के बयान पर BJP ने राहुल गांधी पर किया हमला तो कांग्रेस ने तस्वीर जारी कर किया पलटवार

रविवार को एशिया कप मुकाबले के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा पाकिस्तानी टीम से पारंपरिक हाथ मिलाने से परहेज करने पर अफरीदी ने कहा, यह एक घृणित मानसिकता है, जो तब तक जारी रहेगी जब तक वह (प्रधानमंत्री मोदी) उनके मुखिया हैं. राहुल गांधी जैसे सकारात्मक सोच वाले अच्छे लोग भी हैं जो बातचीत के जरिए दुनिया के साथ सहयोग करना चाहते हैं.

Gyanendra Sharma
India vs PaK Match Row: शाहिद अफरीदी के बयान पर BJP ने राहुल गांधी पर किया हमला तो कांग्रेस ने तस्वीर जारी कर किया पलटवार
Courtesy: Social Media

India vs PaK Match Row:  एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर विवाद बढ़ा हुआ है. मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया. इस बेइज्जती के बाद पाकिस्तान की तरफ से कई बयान आ रहे हैं.  पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद अफरीदी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को "सकारात्मक सोच" वाला नेता बताया.  इसपर अब बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. 

 रविवार को एशिया कप मुकाबले के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा पाकिस्तानी टीम से पारंपरिक हाथ मिलाने से परहेज करने पर अफरीदी ने कहा, "यह एक घृणित मानसिकता है, जो तब तक जारी रहेगी जब तक वह (प्रधानमंत्री मोदी) उनके मुखिया हैं. राहुल गांधी जैसे सकारात्मक सोच वाले अच्छे लोग भी हैं, जो बातचीत के जरिए दुनिया के साथ सहयोग करना चाहते हैं. क्या इजराइल ही काफी नहीं है कि आप यहां इजराइल जैसा बनने की कोशिश कर रहे हैं?

"पाकिस्तानी लोग राहुल गांधी को अपना नेता भी बना सकते हैं."

अफरीदी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को "पाकिस्तान का प्रिय" बताते हुए कहा, "पाकिस्तानी लोग राहुल गांधी को अपना नेता भी बना सकते हैं." रिजिजू ने एक्स पर लिखा, "राहुल गांधी पाकिस्तान के प्रिय रहे हैं! शाहिद अफरीदी और पाकिस्तानी लोग राहुल गांधी को अपना नेता भी बना सकते हैं." भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "जब भारत के दुश्मन आपके लिए जयकार करने लगते हैं, तो भारत के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि आपकी वफादारी किसमें है."

मालवीय पर पलटवार करते हुए, कांग्रेस की सोशल मीडिया चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने इस साल फरवरी में हुए भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान शाहिद अफरीदी के साथ अनुराग ठाकुर की एक तस्वीर पोस्ट की.

कैसे शुरू हुआ विवाद

विवाद तब शुरू हुआ जब दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस के दौरान पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारंपरिक तरीके से हाथ नहीं मिलाया. पीसीबी ने आरोप लगाया कि पाइक्रॉफ्ट ने सलमान को अपने भारतीय समकक्ष से हाथ मिलाने से बचने का खास निर्देश दिया था. भारत की सात विकेट से जीत के बाद स्थिति और बिगड़ गई जब सूर्यकुमार ने केवल टीम के साथी शिवम दूबे से हाथ मिलाया और पाकिस्तानी खिलाड़ियों का अभिवादन किए बिना चले गए.

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट पर आईसीसी की आचार संहिता और मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के क्रिकेट भावना से संबंधित कानूनों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया. हालांकि, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने मौजूदा एशिया कप के दौरान मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को बदलने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अनुरोध को ठुकरा दिया. पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने धमकी दी कि अगर मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो वह एशिया कप 2025 के बाकी मैचों से हट जाएंगे.