menu-icon
India Daily

IND vs ENG 3rd T20: टी20 क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड ने 125 रनों से रौंदकर रचा इतिहास

इंग्लैंड ने नॉटिंघम में तीसरे टी20 मुकाबले में भारत को 125 रन से हराकर नया रिकॉर्ड बना दिया. यह भारत की सबसे बड़ी टी20 हार रही.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND vs ENG 3rd T20: टी20 क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी हार, इंग्लैंड ने 125 रनों से रौंदकर रचा इतिहास
Courtesy: X

भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को बेहद निराशाजनक हार झेलनी पड़ी. नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. इस हार के साथ भारत के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के अंतर से सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया.

इंग्लैंड ने गेंद और बल्ले दोनों से किया कमाल

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 202 रन का मजबूत लक्ष्य रखा. जवाब में भारतीय बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में नजर आए. टीम का कोई भी खिलाड़ी लंबी पारी नहीं खेल सका. वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 13-13 रन बनाए. वहीं अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल 10-10 रन ही जोड़ सके. बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. पूरी भारतीय टीम सिर्फ 11.4 ओवर में 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इंग्लैंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर भारत को मैच में वापसी का कोई मौका नहीं दिया.

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में बना अनचाहा रिकॉर्ड

यह मुकाबला भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी यादगार नहीं रहा. उनकी कप्तानी में भारत को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे बड़ी हार मिली. इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में 80 रन से हुई थी. उस समय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में थी. इसके बाद 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की हार और 2025 में 51 रन की हार भी रिकॉर्ड में शामिल हैं. 125 रन की यह हार अब भारत की सबसे बड़ी टी20 शिकस्त बन गई है. पहली बार टीम इंडिया किसी टी20 मुकाबले में 100 से ज्यादा रन के अंतर से हारी है.

सीरीज में वापसी की चुनौती अब और मुश्किल

इस हार के बाद भारतीय टीम पर सीरीज में वापसी का दबाव बढ़ गया है. बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम प्रबंधन को अगले मुकाबले से पहले रणनीति पर दोबारा काम करना होगा. दूसरी ओर इंग्लैंड ने इस जीत से अपना आत्मविश्वास और मजबूत किया है. घरेलू मैदान पर मिली इस बड़ी जीत ने मेजबान टीम को सीरीज़ में बढ़त दिलाने के साथ मनोवैज्ञानिक बढ़त भी दे दी है.