menu-icon
India Daily

IND vs NED: 0,0,0, अभिषेक शर्मा लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट, नंबर एक टी20 बल्लेबाज टी20 वर्ल्ड कप में बुरी तरह फ्लॉप

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर जीरो पर आउट हो गए. टी-20 विश्व कप में ये लगातार तीसरा मौका है, जब अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हुए हैं. इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भी वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे.

KanhaiyaaZee
IND vs NED: 0,0,0, अभिषेक शर्मा लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट, नंबर एक टी20 बल्लेबाज टी20 वर्ल्ड कप में बुरी तरह फ्लॉप
Courtesy: X/@ImTanujSingh

नई दिल्ली: भारत और नीदरलैंड के बीच टी20 विश्व कप 2026 का 36वां मुकाबला खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा एक बार फिर जीरो पर आउट हो गए. उन्हें आर्यन दत्त ने आउट किया. टी-20 विश्व कप में ये लगातार तीसरा मौका है, जब अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हुए हैं. इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भी वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे.

टीम इंडिया ने जब USA के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत की थी, तो उस मैच में भी अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हुए थे. नामीबिया के खिलाफ खेले गए मैच में उन्हें मौका नहीं मिला था और उनकी जगह संजू सैमसन ने पारी की शुरुआत की थी. वही पाकिस्तान के खिलाफ जब अभिषेक को फिर मौका मिला तो वो दोबारा बिना खाता खोले आउट हो गए. आज नीदरलैंड के खिलाफ भी उनका खराब फॉर्म जारी रहा और एक बार फिर वो बिना कोई रन बनाए आउट हो गए.

पिछली 8 परियों में 5 बार शून्य पर हुए हैं आउट

साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 टी-20 मैचों की श्रृंखला में भी अभिषेक शर्मा दो बार जीरो पर आउट हुए थे, लेकिन अन्य मैचों में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था. जिससे यह उम्मीद की जा रही थी कि टी-20 वर्ल्ड कप में उनका बल्ला जमकर गरजेगा और भारतीय टीम को ओपनर के तौर पर वो धुआंधार शुरुआत दिलाएंगे, लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप के अब तक के मैचों में उनका बल्ला एक भी रन नहीं उगल सका है. बात उनके पिछली 8 परियों की करें तो पांच बार वो शून्य पर आउट हो चुके हैं. टी-20 फॉर्मेट में नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का हालिया प्रदर्शन काफी निराश करनेवाला रहा है, जिससे अब उनके प्रदर्शन पर भी सवाल उठने लगे हैं.

सुपर-8 में प्रवेश कर चुका है भारत

भारत बनाम नीदरलैंड का चल रहा मैच भारतीय टीम के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का अच्छा अवसर है, क्योंकि टीम इंडिया ने अब तक के सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है. टी20 विश्व कप सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा, जिसने अब तक कमाल का खेल दिखाया है. यह मैच 22 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. दूसरा मैच जिम्बाबे के खिलाफ 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में होगा. भारतीय टीम का सुपर-8 का आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा, जो टी20 विश्व कप के ग्रुप सी में शानदार फॉर्म में है. यह मैच 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा.