menu-icon
India Daily

T20 World Cup 2026: 'करो या मरो' वाले मैच में पाकिस्तान ने नामीबिया को हराया, सुपर-8 में बनाई जगह

कोलंबो में खेले गए अहम मुकाबले में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रन से हरा दिया है. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सुपर-8 में जगह बना ली है.

Anuj
Edited By: Anuj
T20 World Cup 2026: 'करो या मरो' वाले मैच में पाकिस्तान ने नामीबिया को हराया, सुपर-8 में बनाई जगह
Courtesy: @ICC

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर सुपर-8 में जगह बना ली है. यह मुकाबला पाकिस्तान ने 102 रनों के बड़े अंतर से जीता. इस जीत के साथ ही सुपर-8 चरण में पहुंचने वाली सभी टीमों के नाम तय हो गए हैं.

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और अहम मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए. नियमित खिलाड़ी अबरार अहमद और शाहीन शाह अफरीदी को आराम दिया गया, जबकि उनकी जगह सलमान मिर्जा और ख्वाजा नफे को मौका मिला.

साहिबजादा फरहान का शतक

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने 20 ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर 199 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इस पारी के हीरो साहिबजादा फरहान रहे, जिन्होंने शानदार शतक लगाया और 100 रन बनाए.

उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और नामीबिया के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. उनके अलावा कप्तान सलमान आगा ने भी उपयोगी 38 रन जोड़े और टीम की पारी को स्थिरता दी. अंत के ओवरों में शादाब खान ने तेज बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 36 रन बनाए, जिससे पाकिस्तान 200 के करीब पहुंच सका.

जैक ब्रासेल ने लिए दो विकेट

नामीबिया की ओर से गेंदबाजी में जैक ब्रासेल ने दो विकेट लिए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को एक सफलता मिली. हालांकि, बाकी गेंदबाज पाकिस्तानी बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके और टीम बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब रही.

नामीबिया की खराब शुरूआत

200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. पाकिस्तानी गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेते हुए मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. नामीबिया की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और पूरी टीम 17.3 ओवर में केवल 97 रन बनाकर आउट हो गई. टीम की ओर से लोरेन स्टीनकैंप ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास सहयोग नहीं मिला.

उस्मान तारिक ने झटके 4 विकेट

पाकिस्तान की गेंदबाजी इस मैच में बेहद प्रभावी रही. उस्मान तारिक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और नामीबिया की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. ऑलराउंडर शादाब खान ने भी तीन विकेट हासिल किए और बल्लेबाजी के बाद गेंद से भी अहम योगदान दिया. इसके अलावा सलमान मिर्जा और मोहम्मद नवाज को एक-एक विकेट मिला.

अब न्यूजीलैंड से होगी पाकिस्तान की टक्कर

इस बड़ी जीत के बाद पाकिस्तान का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है. अब सुपर-8 चरण में पाकिस्तान का पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच पाकिस्तान के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि अगले चरण में पहुंचने के लिए मजबूत टीमों के खिलाफ लगातार अच्छा प्रदर्शन करना जरूरी है.

नामीबिया की प्लेइंग-11

लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), अलेक्जेंडर वोल्शेंक, जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज व जैक ब्रासेल.

पाकिस्तान की प्लेइंग-11

साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), ख्वाजा नफे, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा व उस्मान तारिक।